सुप्रीम कोर्ट में पत्रकारों और गैर पत्रकार कर्मचारियों के लिए न्यायमूर्ति मजीठिया वेतन आयोग की सिफारिशों के खिलाफ दायर याचिका पर बहस जारी है. यह बहस दो सप्ताह तक चलेगी. इस सप्ताह मंगलवार, बुधवार एवं गुरुवार तथा अगले सप्ताह भी इन दिनों सुप्रीम कोर्ट में बहस जारी रहेगी. मजीठिया वेज बोर्ड के खिलाफ आनंद बाजार पत्रिका, बेनेट कोलमैन, इंडियन न्यूज पेपर सोसाइटी, यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया, प्रिंटर्स मैसूर प्राइवेट लिमिटेड, राजस्थान पत्रिका, ट्रिब्यून ट्रस्ट, पीटीआई, जागरण प्रकाशन लिमिटेड, एक्सप्रेस प्रकाशन (मदुरई) तथा इंडियन एक्सप्रेस ने याचिका दायर कर रखी है.
सुप्रीम कोर्ट में यह सुनवाई माननीय जज आफताब आलम और रंजना प्रकाश देसाई की डबल बेंच के समक्ष चल रहा है. मंगलवार को आनंद बाजार पत्रिका की तरफ से उनके अधिवक्ता ने बहस किया. यह फाइनल बहस चल रही है. बहस के समाप्त होने के बाद सुप्रीम कोर्ट इस मामले में अपना फैसला सुनाएगा. उल्लेखनीय है कि बीते साल 21 सितंबर को सुनवाई करते हुए कोर्ट ने आठ जनवरी की तिथि तय की थी, जिस पर सुनवाई करते हुए इसे 5 फरवरी तय किया गया था. कोर्ट ने प्रबंधन को कर्मचारियों को अंतरिम व्यवस्था के रूप में अतिरिक्त भुगतान करने पर विचार का सुझाव भी दिया था. परन्तु प्रबंधकों ने ऐसा नहीं किया. सरकार ने मजीठिया वेतन बोर्ड की सिफारिशों के बारे में 11 नवंबर, 2011 को अधिसूचना जारी की थी.