कानपुर में चर्चा तेज है कि उद्योगपति इरशाद मिर्जा को जागरण समूह के शिशु अखबार आई-नेक्स्ट के पत्रकारों ने ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने की कोशिश की. जिन दो पत्रकारों का नाम सामने आ रहा है उसमें एक क्राइम रिपोर्टर है और एक फोटोग्राफर. इन दोनों ने इरशाद मिर्जा के बेटे की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरों व वीडियो क्लिप के आधार पर इरशाद मिर्जा को ब्लैकमेल करने की कोशिश की और पैसे की मांग की. बताया जा रहा है कि बात खुलने पर इन दोनों की साजिश धरी की धरी रह गई.
पता चला है कि एक पत्रकार की छुट्टी कर दी गई है. इरशाद मिर्जा जागरण के निदेशक मंडल में भी हैं. कुछ लोगों का कहना है कि ब्लैकमेलिंग में आई-नेक्स्ट के कुछ बड़े लोगों का भी हाथ है. बड़े लोगों के शह पर आई-नेक्स्ट के पत्रकार उगाही करते घूम रहे हैं और उगाही का एक हिस्सा अपने आकाओं को पहुंचा रहे हैं. चूंकि मामला इरशाद मिर्जा का था इसलिए उन्होंने जागरण प्रबंधन से अपनी नजदीकी का फायदा उठाते हुए तुरंत जागरण प्रबंधन के लोगों को सूचित किया और पत्रकारों पर लगाम लगाने और गाज गिराने में कामयाबी हासिल कर ली. इस खबर की पुष्टि कई कनपुरिया पत्रकार कर रहे हैं पर आई-नेक्स्ट व जागरण के लोग इस पर कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं. (कानाफूसी)





