खबर भारती के चेयरमैन पुष्पेंद्र सिंह बघेल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस धीरे-धीरे उसके कई राज खोलने में जुटी हुई है. बघेल की गिरफ्तारी 2600 करोड़ रुपये के ठगी के मामले में की गई है. पुलिस ने बघेल को कानपुर के दीप होटल से मंगलवार को अरेस्ट किया था. कोर्ट ने उसे 14 दिन की हिरासत में भेज दिया है. समझा जा रहा है कि पुलिस कुछ बड़े खुलासे कर सकती है. चेयरमैन की गिरफ्तारी के बाद खबर भारती चैनल में भी हड़कम्प की स्थिति है.
पुलिस ने तत्काल जो खुलासे किए हैं उसके अनुसार उनकी नजर पुष्पेंद्र से जुड़े 45 सफेदपोशों पर है. बताया जा रहा है कि इनमें से कई सफेदपोश पुष्पेंद्र की गिरफ्तारी के बाद थाने के आसपास मंडराते रहे. सूत्रों का कहना है कि वे पुष्पेंद्र को छुड़वाने के लिए साम-दाम-दंड-भेद सारे दांव आजमा लिए, परन्तु सफलता नहीं मिली. वैसे बताया जा रहा है कि साई प्रापर्टीज के कार्यालय किसी थाने या अधिकारी के आवास के सामने बनाए या किराए पर लिए जाते थे ताकि किसी को इनकी नीयत पर संदेह नहीं हो सके.
सूत्रों का कहना है कि पुष्पेंद्र सिंह बघेल गाडि़यों का बहुत ही शौकीन है. उसके बेड़े अलग-अलग सेगमेंट की 19 मर्सडीज गाडि़यां शामिल हैं. वो गाडि़यां बदलकर चलने का शौकीन है. बताया जा रहा है कि पुष्पेंद्र मध्य प्रदेश का भगोड़ा है. इसलिए ही अपने चिटफंड के काम को शेल्टर देने के लिए उसने खबर भारती नामक चैनल को भी लांच किया था. उसका यह चैनल एक साल में ही तमाम तरह के विवादों में घिर गया था. दूसरी तरफ साई प्रापर्टीज डेवलपमेंट लिमिटेड के लीगल एडवाइजर एलएन मित्तल ने पुष्पेंद्र सिंह बघेल की गिरफ्तारी को अवैध बताया है. उनका कहना है कि कंपनी 1956 कंपनी एक्ट के तहत रजिस्टर्ड है. बघेल इस कंपनी के बोर्ड आफ डायरेक्टर की सूची में भी नही हैं.
हालांकि इसमें पुलिस की नीयत पर भी शक किया जा रहा है. अमूमन छोटे अपराधियों को पकड़ कर मीडिया के सामने अपनी बहादुरी दिखाने वाली पुलिस इस मामले में बिल्कुल शांत रही. सूचना मिलने के बाद तमाम लोग पहुंचे परन्तु उन्हें जानकारी नहीं दी गई. वैसे कुछ सूत्रों का कहना है कि पुष्पेंद्र सिंह बघेल से जुड़े कुछ लोग अपनी अपनी अटैचियों में लाखों लेकर पहुंचे थे, परन्तु पुलिस ने बड़ा आसामी देखकर मुंह ज्यादा फैला दिया, जिससे बात नहीं बन पाई. बाद में पुलिस ने सारी कार्रवाई पूरी कर बघेल और धर्मेंद्र तोमर को चुपचाप बुधवार को अदालत में पेश कर दिया गया.
पुष्पेंद्र सिंह बघेल से जुड़ी खबरों के लिए क्लिक करें – 2600 करोड़ की ठगी के आरोप में खबर भारती के चेयरमैन अरेस्ट