: छह नए एडिशन होंगे लांच : सहारा समूह से खबर आ रही है कि वह अपने उर्दू के अखबार दैनिक सहारा रोजनामा का विस्तार करने जा रहा है. यह विस्तार देश के पांच राज्यों में किया जा रहा है. प्रबंधन का कहना है कि उर्दू मार्केट की संभावनाओं को देखते हुए विस्तार की योजना तैयार की गई है. अभी यह अखबार लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, पटना, रांची, बंगलुरू, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद से प्रकाशित हो रहा है. अखबार के नए एडिशन कर्नाटक, एमपी, जम्मू-कश्मीर, यूपी एवं राजस्थान से प्रकाशित किए जाएंगे.
कर्नाटक में अखबार का बंगलुरू एडिशन पहले से ही चल रहा है. नया एडिशन हुबली से लांच किया जाएगा. मध्य प्रदेश में अखबार का पहला एडिशन होगा. इसे राजधानी भोपाल से प्रकाशित किया जाएगा. जम्मू-कश्मीर में भी अखबार पहली बार दस्तक देगा. श्रीनगर से अखबार का प्रकाशन किया जाएगा. इसी तरह राजस्थान में भी यह जयपुर के माध्यम से अपना कदम रखेगा. दो एडिशन यूपी से लांच किए जाएंगे. सारी लांचिंग ग्रुप के उर्दू डिविजन के हड सैयद फैसल अली के नेतृत्व में होगा. रोजनामा राष्ट्रीय सहारा की लांचिंग 4 फरवरी 1999 में लखनऊ से हुई थी. पहले इसे मासिक पत्रिका के रूप में प्रकाशित किया जा रहा था.