इलाहाबाद के महाकुंभ मेला से खबर है कि एक फ्रांसीसी फोटोग्राफर को हिरासत में लेकर उसकी तस्वीरें जब्त कर ली गई हैं. उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज किया गया है. साथ ही हेलीकाप्टर कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की गई है. कुंभ मेला प्रशासन ने फ्रांसीसी फोटोग्राफर और हेलीकाप्टर कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का मूड बना लिया है. फ्रांसीसी फोटोग्राफर हेलीकाप्टर पर सवार होकर रविवार को दोपहर शाही स्नान के समय घाट पर एकदम नीचे उड़ान भरकर बिना अनुमति तस्वीरें लेने लगा था.
इसकी वजह से वहां अफरा-तफरी मचने लगी थी और फिर अधिकारियों ने किसी तरह एयरफोर्स से हस्तक्षेप करके उसे हटवाया. कुंभ मेला मजिस्ट्रेट मनि प्रसाद मिश्र ने बताया कि फ्रेंच फोटोग्राफर को हिरासत में ले लिया गया है और तस्वीरें भी जब्त कर ली गई हैं. यह हेलीकाप्टर दोपहर करीब ढाई बजे सेक्टर बारह के ऊपर उड़ रहा था. अचानक वह एकदम नीचे आ गया. इलाहाबाद के कमिश्नर देवेश चतुर्वेदी ने बताया कि फोटोग्राफर और हेलीकाप्टर कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है.
उनका कहना है कि इतने नीचे हेलीकाप्टर उड़ने से स्नान के लिए अपार जन समूह में कौतूहल और चिंता पैदा हो गई थी, नावें हिलने लगी थीं. इसलिए बमरौली एयरफोर्स स्टेशन को मैसेज करके उसे तुरंत जमीन पर उतारा गया और कैमरा जब्त करके एफआईआर दर्ज की गई. आगे के कदम के लिए एयरफ़ोर्स, भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार को लिखा गया है. अभी तक पूरे मामले को गोपनीय रखा गया है. एक पुलिस अफसर का कहना है कि उस समय संगम पर करोड़ों की भीड़ को संभालना अपने आप में एक चुनौती भरा काम था.
ऐसे में हेलकॉप्टर इतने नीचे आने से नाव हिलने लगी, और लोग इधर उधर भागने लगे. तब अफसरों के होश उड़े और तत्काल उसे हटाया गया. पुलिस महानिरीक्षक आलोक शर्मा का कहना है कि यह बहुत गंभीर मामला है और चूँकि यह एक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है. प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के हवाले से घाट पर फोटोग्राफी मना कर रखी थी. आसमान से केवल एयरफ़ोर्स और सरकार के हेलीकाप्टर निगरानी के लिए काफी ऊंचाई पर उड़ान भर रहे थे.





