ग्रेमी पुरस्कार समारोह में मंच पर पहुंचने और गायिका एडेले की ओर से पुरस्कार लगभग लेने ही वाले एक पत्रकार को जेल भेज दिया गया है. इस वाकये का सीधा प्रसारण हुआ लेकिन कुछ ही लोगों की नजर में यह आया क्योंकि जेनिफर लोपेज ने बहुत ही चतुराई से इस स्थिति को संभाल लिया और एडेले की जिंदगी के इस बेशकीमती क्षण को एक पत्रकार द्वारा हाईजैक होने से बचा लिया.
यूक्रेन के टीवी प्रस्तोता सीडियक को इस तरह के वाकयों को अंजाम देने के लिए पहले से ही जाना जाता है. मई में मॉस्को में ‘मेन इन ब्लैक 3’ के प्रीमियर के दौरान विल स्मिथ को चूमने पर इस पत्रकार को थप्पड़ झेलना पड़ा था. ग्रेमी पुरस्कार समारोह के दौरान यह स्थिति उस समय आई जब लोपेज बेहतर पॉप गाने की प्रस्तुति के लिए एडेले को सम्मानित करने वाली थीं. तभी एक आदमी माइक के नजदीक आया.
हॉलीवुड रिपोर्टर की खबर के अनुसार सीडियक ने एडेले के मंच पर चढ़ने से पहले लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘यह पुरस्कार हासिल करना सम्मान की बात है. आई लव यू, एडेले.’’ लेकिन लोपेज ने इस शख्स को हैरत से देखा और मंच से नीचे का रास्ता दिखाया. 24 साल के सीडियक ने कहा कि वह स्टेपल्स सेंटर के अति सुरक्षा वाले इलाके में पहुंचकर दंग था. (सहारा)