अपने बयानों को लेकर हमेशा विवाद में रहने वाले नगर विकास मंत्री आजम खान ने फिर अनोखा बयान दिया है. महाकुम्भ के हादसे के लिये उन्होंने मीडिया को जिम्मेदार बताया. आज़म खान ने कहा कि अगर दुर्घटना के लिये उनका विभाग कुसूरवार हो तो वह मंत्री पद से त्यागपत्र देने का तैयार हैं. खां सोमवार की शाम सम्भल के चंदौसी में संवाददाताओं से कहा कि कुम्भ मेलार्थियों में हुई भगदड़ के लिये मेरा विभाग जिम्मेदार नहीं है.
उन्होंने कहा कि पूरी गलती ब्रेकिंग न्यूज चलाकर सनसनी फैलाने वाले उस समाचार चैनल की है, जिसने नाले में गिरने से दो लोगों की मौत की खबर को मेले में हुई भगदड़ की खबर बता दिया. जिसके बाद टेलीविजन चैनल की उस खबर से घबराकर बड़ी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन पर पहुंच गये और वहां अचानक भीड़ बढ़ गयी. रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेनों के बारे में जानकारी देने की घोषणा की सही व्यवस्था नहीं थी, जिससे यात्रियों में भ्रम की स्थिति बनी.
उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में उनके विभाग की कोई भी गलती या गड़बड़ी सामने आती है तो वे इस्तीफा दे देंगे. उल्लेखनीय है कि रविवार को मौनी अमावस्या के दिन इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में 36 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी. जिसके बाद उन्होंने इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मेला प्रभारी पद से इस्तीफा दे दिया था.