राजस्थान पत्रिका, कोटा से खबर है कि संपादक राकेश गांधी का तबादला जयपुर के लिए कर दिया गया है. उन्हें जयपुर में ग्रामीण डेस्क की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वे अब तक उदयपुर, भोपाल, बीकानेर में संपादक रह चुके हैं. इसे उनका डिमोशन माना जा रहा है. उनकी जगह बीकानेर के संपादक जिनेश जैन को कोटा का नया संपादक बनाया गया है. बताया जा रहा है कि कोटा में अखबार की खराब होती हालत के चलते ऐसा किया गया है. अभी बीकानेर किसे भेजा जा रहा है इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है.
गाजियाबाद से खबर है कि हरीश राठौर ने दैनिक प्रभात ज्वाइन कर लिया है. उन्हें एनसीआर का मार्केटिंग हेड बनाया गया है. वे पिछले तीन सालों से गाजियाबाद में सक्रिय हैं. इसके पहले वे डीएलए और राष्ट्रीय सहारा को भी गाजियाबाद में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत महामेधा, नोएडा से की थी.
लखनऊ से जल्द लांच होने जा रहे दैनिक कैनविज टाइम्स से कई लोगों ने अपनी नई पारी शुरू की है. खबर है कि अमर उजाला से इस्तीफा देकर हरिनाथ सिंह, पायनियर से इस्तीफा देकर राकेश तिवारी, अमित मिश्रा, शिवमूर्ति दूबे और रंजीत सिंह ने कैनविज टाइम्स ज्वाइन किया है. इसके अलावा हिंदुस्तान के प्रसार विभग में कार्यरत अनुजेश सिन्हा भी कैनविज टाइम्स के साथ जुड़ गए हैं.
अमर उजाला, धामपुर से खबर है कि फोटोग्राफर जुबैर आलम ने इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा सचिन अग्रवाल के उत्पीड़न से तंग होकर दिया है. वे अपनी नई पारी कहां से शुरू करने जा रहे हैं इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है.





