इंडिया न्यूज के नेशनल चैनल की लांचिंग गुरुवार को स्क्रीन पर ही भव्य तरीके से होगी. किसी आयोजन की बजाय टीवी पर भी बड़े अतिथियों के साथ दीपक चौरसिया अवतरित होंगे. आठ बजे उनके कार्यक्रम टुनाइट विथ दीपक चौरसिया के साथ इंडिया न्यूज की रीलांचिंग की जाएगी. इस कार्यक्रम के साथ इस नेशनल चैनल पर पहली बार दीपक चौरसिया अवतरित होंगे. दीपक के साथ अन्ना हजारे, रविशंकर समेत कई बड़े लोगों के आने की संभावना है.
टीवी स्क्रीन पर दीपक चौरसिया का चेहरा दिखेगा तो इसके बदले लुक एवं कंटेंट के पीछे ग्रुप मैनेजिंग एडिटर राणा यशवंत की भूमिका होगी. सूत्रों का कहना है कि राणा यशवंत ने इंडिया न्यूज का पूरा का पूरा लुक चेंज कर दिया है. हालांकि अब यह तो देखने के बाद ही पता चलेगा कि नए लुक को दर्शक कितना पसंद करते हैं, परन्तु कंटेंट में राणा यशवंत की झलक दिखने लगी है. सूत्रों का कहना है कि चैनल लांचिंग के बाद एक अलग फील देगा.
गौरतलब है कि दीपक चौरसिया एवं राणा यशवंत के साथ मनीष अवस्थी, आंचल आनंद, तान्या दवे, रवि शर्मा समेत कई बड़े लोगों ने चैनल ज्वाइन किया है. चैनल के लांचिंग की गंभीरता को इसी से समझा जा सकता है कि इंडिया न्यूज का कोई भी पुराना एंकर नेशनल चैनल पर एंकरिंग करता नहीं दिखेगा. इस चैनल को गंभीर और लोकप्रिय बनाने के लिए दूसरे बड़े चैनलों की एंकरों को लाया गया है. इसके अलावा खबरों के ट्रीटमेंट को लेकर भी तमाम निर्देश जारी किए गए हैं. भाषा, हेडलाइन के तरीकों पर भी व्यापक चर्चा और दिशा निर्देश जारी हो चुके हैं. इतना ही नहीं इस चैनल के प्रमोशन की भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. सूत्रों का कहना है कि चैनल का प्रमोशन एफएम रेडियो, सिनेमा घरों समेत तमाम जगहों पर किया जाएगा.





