इलाहाबाद। करीब दो दशक से सक्रिय पत्रकारिता करने वाले अमर उजाला के पत्रकार गोकुल पटेल का निधन हो गया। वे 55 वर्ष के थे तथा पिछले कई साल से बीमार चल रहे थे। उन्हें ब्रेन ट्यूमर की बीमारी थी। 14 फरवरी को सुबह अचानक हालत बिगड़ने लगी। स्थानीय डॉक्टरों की सलाह पर परिजन उन्हें लखनऊ पीजीआई इलाज के लिए ले जा रहे थे। रायबरेली पहुंचते ही रास्ते में दोपहर साढ़े ग्यारह बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
स्वभाव से काफी विनम्र और मिलनसार गोकुल पटेल चहेतों के बीच गोकुल भाई के नाम से लोकप्रिय थे। दैनिक आज से पत्रकारिता शुरू करने वाले गोकुल भाई समय के साथ ही अपडेट होते रहे। इलाहाबाद से जनमोर्चा निकलने के बाद उन्होंने सोरांव से पत्रकारिता का मोर्चा संभाला। अमर उजाला का प्रकाशन इलाहाबाद से शुरू होने के बाद वे अमर उजाला के लिए सक्रिय तरीके से कार्य कर रहे थे। उनके निधन ने पत्रकारों को शोकाकुल कर दिया।
14 फरवरी की शाम करीब पांच बजे उनका अंतिम संस्कार फाफामऊ गंगातट पर किया गया। कई पत्रकार साथियों ने उन्हें नम आंखों से आखिरी विदाई दी। अशोक कुशवाहा की अध्यक्षता में पत्रकारों की श्रृद्धांजलि सभा हुई। सभा में राकेश शुक्ला, सुरेंद्र प्रताप नारायण पांडेय, राजीव ओझा, एसएस पांडेय, नागेश तिवारी, जियालाल गौतम, आदर्श तिवारी, हनुमान शुक्ला, रिजवान उल्ला, शिवकुमार पांडेय, शिवकुमार मौर्य, प्रदीप यादव समेत तमाम पत्रकार साथी मौजूद रहे।
इलाहाबाद से शिवाशंकर पांडेय की रिपोर्ट.





