राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुखपत्र 'पांचजन्य' से संपादक बलदेव भाई शर्मा की विदाई हो गयी है. उनकी जगह हितेश शंकर को अखबार का नया संपादक बनाया गया है. नए संपादक हितेश शंकर पहले दैनिक हिन्दुस्तान में थे और दिल्ली में आरएसएस की प्रचार टोली में सक्रिय रहते थे. अचानक इस बदलाव का कारण कोई नहीं समझ पा रहा है. इस बदलाव के वजह की तलाश की जा रही है, क्योंकि आमतौर पर संघ इस तरह से अपने यहां बदलाव नहीं करता.

हितेश शंकर
37 साल के युवा हितेश शंकर के हाथों संघ के मुखपत्र की कमान सौंपे जाने से हर कोई हैरान भी है. तरुण विजय के जाने के बाद बलदेव भाई शर्मा को पांचजन्य की कमान दी गयी थी, जो कि इसके पहले अमर उजाला में कार्यरत थे. हितेश शंकर ने दो दिन पहले पांचजन्य के संपादक का कार्यभार संभाल लिया. वे हिन्दुस्तान अखबार में डिपुटी न्यूज एडिटर हुआ करते थे. चार साल इंडिया टुडे में रहे. करीब छह साल से हिन्दुस्तान में कार्यरत थे. हितेश पत्रकारिता में दस साल से हैं. भारतीय विद्या भवन से हितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई की है.