चाहे बसपा का शासनकाल हो या अब सपा का, यूपी में पुलिस हर दौर में बेलगाम रही है. हरदोई जिले में कोतवाली में पुलिस वाले दो नौजवानों के पैंट उतरवाकर उन्हें पट्टे से पीट रहे हैं. कुछ पत्रकारों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और फेसबुक पर डाल दिया है. फेसबुक पर Prashant Pathak कहते हैं कि वीडियो में मौके पर मौजूद इंसपेक्टर वीके मिश्र हैं, जिनके सामने या जिनके निर्देश पर पुलिस के दरोगा यदुनंदन यादव पिटाई कर रहे हैं. सिपाहियों की तस्वीरें साफ़ नहीं है लेकिन ड्यूटी पर कौन-कौन सिपाही थे, यह पता चल जाएगा.
इस वीडियो के सामने आने के बाद भी पुलिस वालों पर कोई कार्रवाई होगी या नहीं, यह तो नहीं पता लेकिन इतना तय है कि देश में कानून, नैतिकता और न्याय का पाठ पढ़ाने वाले नेता और पुलिस अफसर अपने नाक के नीचे होने वाले गलत कार्यों को क्यों नहीं देखते. फेसबुक पर लोगों ने इस घटना में दिखाए गए सभी पुलिस वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
Sunil Kumar Kashyap फेसबुक पर लिखते हैं कि इन पुलिस वालों को खुद किसी को भी सजा देने का हक नहीं है, इन्होंने कानून को तोड़ा है, इन सब पर कानूनी कार्यवाही होनी चाहिए. Aamir Kirmani लिखते हैं कि इस प्रकरण की खबर मीडिया में आनी चाहिए थी. Prashant Upadhyay कहते हैं कि कानून के नाम पर मजाक हो रहा है थाने में. Laxmi Kant Pathak पुलिस वालों पर व्यंग्य करते हुए लिखते हैं कि आप लोग कौन से कानून की बात कर रहे हो, यह तो खाकी का अपना डंडा कानून है. देखना है कि सोशल मीडिया पर यह वीडियो चर्चा में आने के बाद यूपी के बड़े पुलिस अफसर दोषी पुलिस वालों के खिलाफ एक्शन लेते हैं या नहीं.
वीडियो देखने के लिए उपरोक्त तस्वीर पर क्लिक करें या फिर नीचे दिए गए शीर्षक पर..






