दिल्ली में गीतिका शर्मा की मां अनुराधा शर्मा ने भी आत्महत्या कर ली है. उन्होंने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि गोपाल कांडा और अरुणा चड्ढा के दबाव के कारण आत्महत्या करने को मजबूर हुई हैं. पुलिस ने गोपाल व अरुणा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है.
गीतिका हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के यहां काम करती थी और उसका कई तरह से शोषण गोपाल कांडा ने किया था. वह जब नौकरी छोड़कर दूसरी कंपनी में गई तो वहां भी गोपाल कांडा ने दबाव डलवाया और उसकी नौकरी छुड़वा दी. बाद में गीतिका ने परेशान होकर और गोपाल कांडा पर कई तरह के आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली थी. इस मामले में
गोपाल कांडा और उनकी खास मैनेजर अरुणा चड्ढा गिरफ्तार कर जेल भेजे गए.
जेल से गोपाल कांडा और उनके लोगों ने दबाव बनाने का काम जारी रखा. गीतिका की मां अनुराधा शर्मा पर लगातार दबाव डाला जा रहा था कि वह गीतिका खुदकुशी मामले में समझौता कर ले और गोपाल कांडा पर से आरोप वापस ले ले. इन दबावों-धमकियों से परेशान अनुराधा ने उसी कमरे में जाकर सुसाइड किया जिसमें उनकी बेटी गीतिका ने आत्महत्या किया था.





