कानपुर देहात में हुए एक सड़क हादसे में पत्रकार अरविंद शर्मा की पत्नी की मौत हो गई. उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा. आगरा जिला कांग्रेस के अध्यक्ष दिनेश बाबू की भांजी की गुरुवार को कानपुर में शादी थी. परिवार के लोग उस शादी में शामिल होने कानपुर गए थे. शादी खतम होने के बाद वे लोग अपने स्विफ्ट कार से वापस लौट रहे थे. कार में दिनेश बाबू के भांजे डाक्टर सौरभ शर्मा, उनकी पत्नी गीता शर्मा, पुत्र तेजल, पुत्री तनिष्का तथा जयपुर हाउस निवासी पत्रकार अरविंद की पत्नी शालिनी शर्मा समेत दो और लोग सवार थे.
कार डा. सौरभ शर्मा चला रहे थे. सिकंदरा क्षेत्र में हाइवे पर स्विफ्ट कार किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी. हादसे के बाद चीख पुकार मच गया. चीख पुकार सुनकर लोग दौड़े तथा किसी तरह घायलों को बाहर निकाला. गंभीर रूप से घायल शालिनी की मौत घटना स्थल पर ही हो गई. घायलों को कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही परिवारीजन कानपुर पहुंच रहे हैं. पत्रकार अरविंद शर्मा की पत्नी का शव भी पुलिस ने पीएम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया है. उनका अंतिम संस्कार आज आगरा में होगा.





