खबर आ रही है कि इंडिया न्यूज पर स्टार इंडिया ने मुकदमा ठोंक दिया है. हाईकोर्ट में मामला दायर किया गया है. कल सुनवाई होगी. स्टार इंडिया का कहना है कि उसके लोगो से मिलते-जुलते लोगो का निर्माण इंडिया न्यूज ने किया है. सूत्रों के मुताबिक मुकदमा ठोंके जाने के पीछे एक मकसद यह संदेश देना भी है कि स्टार इंडिया का इंडिया न्यूज से भविष्य में तालमेल की बात विशुद्ध बकवास है और यह सिर्फ इंडिया न्यूज को तात्कालिक फायदा दिलाने के लिए उड़ाई गई है.
सूत्र बताते हैं कि इंडिया न्यूज पर लोगो चोरी के आरोप कई बार लगे हैं. एक बार इंडिया टीवी ने भी इंडिया न्यूज पर आरोप
लगाया था. एक अन्य चैनल ने भी इंडिया न्यूज पर मुकदमा किया था. बताया जाता है कि इंडिया न्यूज में जब भी लोगो बदला जाता है तो किसी बड़े चैनल को ध्यान में रखकर और उसे कापी करते हुए ही लोगो बदला जाता है. इस बार इंडिया न्यूज का लोगो व लुंक एंड फील ऐसा बना दिया गया है जैसे यही असली वाला स्टार न्यूज हो. दीपक चौरसिया के स्टार न्यूज में रहने का पूरा फायदा उठाना चाहता है इंडिया न्यूज और दर्शकों को यह संदेश देना चाहता है कि असली स्टार न्यूज यही है. सूत्रों के मुताबिक स्टार ग्रुप इस प्रकरण पर इंडिया न्यूज से लंबी लड़ाई के मूड में है.





