लखनऊ : समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को मंगलवार को प्रदेश गौरव सम्मान से नवाजा गया। संगीत नाटक अकादमी में आयोजित समारोह में प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री शाहिद मंजूर ने विभूतियों को सम्मानित किया।
जिन विभूतियों को सम्मानित किया गया उनमें पत्रकारिता के क्षेत्र में दैनिक जागरण मेरठ के संपादकीय प्रभारी मनोज झा, कला के क्षेत्र में गैंग्स ऑफ वासेपुर फेम नवाजुद्दीन सिद्दीकी, समाजसेवा क्षेत्र में अख्तर हसनैन जैदी, बैंकिंग में पंजाब नेशनल बैंक, प्रशासनिक क्षेत्र में डा. सारिका मोहन, स्कूलिंग में लखनऊ के सिटी मांटेसरी स्कूल, शिक्षा में मुरादाबाद के तीर्थकर महावीर विश्वविद्यालय और चिकित्सा के क्षेत्र में शशि त्रिवेदी को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मंत्री शाहिद मंजूर ने प्रदेश गौरव पुरस्कार के संस्थापक डॉ. विजय शर्मा के पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुमनामी में किए गए कार्य ही वास्तव में सफल होते हैं। दिखावे के काम केवल प्रचार-प्रसार के लिए ही होते हैं। उद्देश्य नेक और साफ होना चाहिए। मनोज झा को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में होनहार लोगों की बेहद आवश्यकता है।





