लंदन: ब्रिटिश अदालत ने विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांज को स्वीडन में प्रत्यर्पण के फैसले के खिलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में अपील की इजाज़त दे दी है. कोर्ट से मिली इस राहत के बाद असांज अपने ऊपर लगे छह आपराधिक मामलों की कानूनी लड़ाई लंदन में लड़ सकते हैं. अदालत के इस ताज़ा आदेश का यह मतलब है कि उन्हें स्वीडन प्रत्यर्पण से फिलहाल राहत मिल गई है.
असांज की वकील गैरेथ पीरसे का कहना है कि जज ने असांज की उस दलील को स्वीकार कर लिया है कि पुलिस और अभियोजन पक्ष के न्यायिक प्राधिकारी होने पर सवाल है और यह भी कि क्या यूरोपीय कानून के तहत वह प्रत्यर्पण अनुरोध जारी कर सकते हैं. उनकी वकील का कहना है कि अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में लिखित अर्जी देने के लिए असांज के पास 14 दिनों का समय है.
ग़ौरतलब है कि दो नवंबर को लंदन हाईकोर्ट ने जूलियन असांज को स्वीडन सौंपे का फैसला सुनाया था. असांज पिछले साल अगस्त में स्वीडन के शहर स्टॉकहोम में दो महिलाओं ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. इस मामले में असांज के खिलाफ वहां मुकदमा दर्ज है. साभार : स्टार






