: कानाफूसी : बिलासपुर शहर में कलेक्टर बीट देखने वाले एक बड़े अखबार के रिपोर्टर ने अपनी करतूत से यहां की पत्रकारिता को शर्मनाक स्थिति में ला दिया है. कुछ दिन पहले इस अधेड़ रिपोर्टर ने अपने बगल में बैठने वाली रिपोर्टर, जो उसकी बेटी की आयु की है, के साथ लगातार छेड़खानी करता रहा. एक दिन तो उसने उसका हाथ ही पकड़ लिया. तमतमाई रिपोर्टर ने अपने घर के लोगों को फोन मिलाना शुरू किया. उपस्थित प्रेस के लोगों ने उसे मनाकर रोका और उसको कार्रवाई का आशवासन दिया.
महिला रिपोर्टर के उखड़ने के बाद इसकी जानकारी मैनेजमेंट की लड़कियों को मिली, तब वे भी गुस्से में आ गईं. उनके साथ भी पूर्व में यह रिपोर्टर भद्दे तरीके से पेश आता था. इसके मद्देनजर इन सभी महिला कर्मचारियों ने थोड़ी ही देर में जीएम और सम्पादक से मुलाकात की और लगातार उसके द्वारा ओछी हरकत करने के बारे में शिकायत की. अचंभा है कि इसे छेड़ने वाले अधेड़ रिपोर्टर पर कोई कार्रवाई न कर पर उसे अपना चहेता बनाकर संपादक और जीएम ने रखा हुआ है. न्यूज रूम के भीतर महिला अत्याचार की यह बड़ी घटना उस वातावरण में हुई है, जब सारे न्यूज पेपर बलात्कार व छेड़छाड़ बारे में खबर से रंगे जा रहे हैं.
इस अखबार के कार्यालय का माहौल इस घटना के बाद काफी खराब है. इस अधेड़ रिपोर्टर के ही नहीं, बल्कि प्रबंधन के रवैये से वहां के दूसरे रिपोर्टरों के हौसला बुलंद है. शहर में चर्चा है कि गलत करने वालों को बचाकर बढ़ावा दे रहा है यह अखबार प्रबंधन. कुछ ही दिन पहले यहां से तीन मीडियाकर्मी यहां की स्थितियों से परेशान होकर आने के एक दो दिन में भी अपने पुराने संस्थान चले गए थे. एक दो साल में सबसे ज्यादा यहीं से काम करने वाले लोग भागे हैं.






