: हरविन्दर का पुणे में चल रहा था इलाज : पर्ल ग्रुप के चेयरमैन एवं चैनल पी7 न्यूज समेत कई कंपनियों के मालिक निर्मल सिंह भंगू को बड़ा झटका लगा है. उनके युवा पुत्र का असमय निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि निर्मल सिंह भंगू के तीस वर्षीय पुत्र हरविन्दर सिंह भंगू कुछ समय से बीमार चल रहे थे. हरविन्दर का इलाज पुणे के एक अस्पताल में चल रहा था. अचानक हरविन्दर की तबीयत मंगलवार को ज्यादा खराब हो गई. डाक्टरों ने उन्हें बचाने का पूरा प्रयास किया परन्तु उन्हें सफलता नहीं मिल पाई.
निर्मल सिंह भंगू की दो संतानें थी. एक पुत्र एवं एक पुत्री. पुत्री आस्ट्रेलिया में रहती है जबकि एकलौता पुत्र भारत में रहता था. हरविन्दर के निधन ने पूरे परिवार तो तोड़कर रख दिया है. हरविन्दर का अंतिम संस्कार बुधवार को चंडीगढ़ में किए जाने की संभावना है. हरविन्दर के मौत से पूरे पर्ल ग्रुप के लोगों में शोक व्याप्त है. निर्मल सिंह भंगू का पर्ल ग्रुप पंजाब का बड़ा व्यवसायिक ग्रुप है. इस ग्रुप की स्थापना 1983 में हुई थी. यह ग्रुप रियल एस्टेट के कारोबार से लेकर मसाला और मीडिया कारोबार तक फैला हुआ है. यह ग्रुप पी7 न्यूज चैनल समेत शुक्रवार, बिंदिया एवं मनी मंत्र नामक पत्रिकाओं का भी प्रकाशन करता है.





