बल्लभगढ़ : अपने को पत्रकार बता नगर निगम से रेहड़ी लगाने की सहमति दिलाने के नाम पर रेहड़ी वालों से अवैध धन वसूली करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। श्याम कालोनी निवासी अवधेश बस स्टैंड पर केले की रेहड़ी लगाता है। 22 जनवरी को नगर निगम के तोड़फोड़ दस्ते ने सभी रेहड़ियों को हटा दिया, तभी उनके पास गांव साहुपुरा का रहने वाला धर्मेद्र नाम का एक युवक आया, उसने अपने को पत्रकार बताया तथा रेहड़ी वालों से कहा कि वह उनकी रेहड़ियों को लगवाने के लिए निगम से सहमति ले लेगा। इसके लिए उसे प्रत्येक रेहड़ी वालों को 200 रुपये देने होंगे।
कथित पत्रकार की बातों पर विश्वास करके अवधेश व उसके साथ रेहड़ी लगाने वालों ने उसे रुपये एकत्रित कर 5000 रुपये दे दिए। अवधेश व उसके साथियों के कई बार कहने के बावजूद धर्मेद्र ने रेहड़ी लगाने की निगम से सहमति नहीं दिलवाई। बृहस्पतिवार को अवधेश के पास धर्मेद्र दोबारा आया और बोला कि अगर रेहड़ी लगानी है तो 200 रुपये दे दो, नहीं तो तुम्हारी निगम से शिकायत कर दूंगा। अवधेश व उसके चार साथी मनोज, पप्पू, अशोक, पिंटू ने उसे 200-200 रुपये दे दिए। इसके बाद धर्मेद्र रेहड़ी लगाने की सहमति नहीं दिलवाई। इस मामले में वे लोग थाना शहर की बस स्टैंड पुलिस चौकी में शिकायत कर दी। पुलिस ने उसकी शिकायत पर आरोपी धर्मेद्र को अवैध वसूली करने के आरोप में गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर दिया।





