दैनिक जागरण के बदायूं कार्यालय में मंत्री लोग ब्यूरो चीफ के बुलावे पर आए तो शहर में चर्चा फैल गई कि जागरण पर छापा पड़ा है. हुआ यह कि कल बदायूं में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अबधेश कुमार और अरुण कुमार कोरी विभिन्न योजनाओं के चेक वितरित करने आये थे. ये लोग जागरण के ब्यूरो चीफ के पूर्व परिचित भी बताये जाते हैं. कार्यक्रम में ही जागरण के ब्यूरो चीफ ने उनसे मुलाक़ात कर कार्यालय आने का आग्रह कर लिया, तो कार्यक्रम के बाद दोनों मंत्री भारी पुलिस फ़ोर्स के साथ जागरण कार्यालय पहुँच गये.

इसे देख कर शहर में अफवाह फ़ैल गई कि जागरण कार्यालय में रेड पड़ी है. लोग जागरण कार्यालय की ओर दौड़ पड़े. पर मौके पर आकर पता चला कि कार्यालय में मंत्री बैठे हैं, तो लोग जागरण के ब्यूरो चीफ के झटके की चर्चा करते हुए लौट गये. उधर जागरण कार्यालय के सामने गाड़ियों का रेला जमा होने से जाम लग गया, जिससे लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा. एक घंटे तक जागरण के रिपोर्टर मंत्रियों और मंत्रियों के साथ आये अधिकारियों की आवभगत में लगे रहे, जिससे जागरण का काम कल देर से शुरू हुआ. साथ ही यह भी चर्चा रही कि ऐसा अमर उजाला या हिन्दुस्तान के ब्यूरो चीफ ने कर दिया होता, तो नौकरी पर ही बन आती, ऐसा जागरण में ही हो सकता है.





