मुरादाबाद। रेत खनन माफिया का दुस्साहस दिनोंदिन बढ़ता ही जा रहा है. बेखौफ खनन माफिया जहां दिन के उजाले में शहर के भीतरी हिस्सों व घनी आबादी में रामगंगा का तट खंगालने में भी संकोच नहीं कर रहे हैं, वहीं रोकथाम की कोशिश करने वाली सरकारी टीमों व कवरेज करती मीडिया टीमों पर हमलावर तेवर अपना रहे हैं. शनिवार दोपहर बेलगाम खनन माफिया ने अपना निशाना बनाया प्रेस फोटोग्राफरों को. महानगर के कटघर इलाके में पुल के नीचे खुलेआम रेत खनन का पता चलने पर नगर आयुक्त के निगम की छापामार टीम के साथ वहां पहुंचने की जानकारी मिली. इस सूचना पर कई मीडिया फोटोग्राफर मौके पर पहुंच गए.
अपने कारनामों के कैमरे में कैद होने के डर से माफिया के इशारे पर खनन में लगे मजदूरों ने मीडिया कर्मियों पर सरिया, डंडों व फावड़ों से जानलेवा हमला बोल दिया. तमंचे से फायर करते हुए हमलावरों ने दैनिक जागरण के फोटोग्राफर राजू सैनी व एक अन्य फोटोग्राफर अमित को घेरकर बुरी तरह पीटा. यही नहीं, दोनों के कैमरे, मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड, चेन, अंगूठी छीन लिया और बाइक भी तोड़ डाली. अन्य मीडिया कर्मियों के मदद के लिए शोर मचाने पर हमलावर दोनों को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए.
कुछ देर में ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बुरी तरह जख्मी हुए दोनों प्रेस फोटोग्राफर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने आसपास तलाश की मगर कोई हमलावर हाथ नहीं आया. घटना से रोष में आए मीडिया के तमाम फोटोग्राफर व पत्रकार एसएसपी एन. चौधरी से मिले. एसएसपी ने मामले में सख्त कार्रवाई के साथ हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी को एसओ को निर्देश दिए हैं.





