: इस साल पीटे जा चुके हैं 14 पत्रकार : महाराष्ट्र में सातारा जिले के बेलगांव में तरुण भारत के संवाददाता विशाल कदम को रविवार की शाम आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर पीटा. पार्टी कार्यालय के सामने ही यह हमला किया गया. रविवार को अंजली दमानिया सातारा में थी. उनसे मिलने के लिए विशाल कदम और अन्य पत्रकार वहां मौजूद थे. इसी वक्त विशाल कदम के साथ कुछ कार्यकर्ताओं की नोंकझोंक हो गई. जिस पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता विशाल पर टूट पड़े.
जब विशाल पर आम पार्टी के कार्यकर्ता हमला कर रहे थे तो वो कार्यालय के अंदर मौजूद थीं. पीडि़त पत्रकार ने सतारा पुलिस थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज करा ददी है. इस घटना की महाराष्ट्र पत्रकार हमला विरोधी ऍक्शन कमिटी के कनवेनर एसएम देशमुख ने कड़ी शब्दों में निंदा की है. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में अभी तक आम आदमी पार्टी को कोई जनाधार प्राप्त नहीं हुआ है. इसी स्थिति में अगर यह लोग मीडियापर हमले करने लगे तो अरविंद केजरीवाल और उनके आंदोलन को सहयोग देने पर पुनर्विचार करना पड़ेगा.
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 2012 में 64 पत्रकारों के ऊपर हमले हुए हैं. जबकि 2013 के पहले दो महीने में ही अब तक 14 पत्रकारों को पीटा गया है. हमलावर ज्यादातर किसी ना किसी पार्टी के कार्यकर्ता होते हैं. इस बार आम आदमी पार्टी के लोगों ने पत्रकार पर हमला करके यह साबित कर दिया है कि वे लोग अन्य राजनैतिक दलों से अलग नहीं हैं.





