रामेश्वर संस्थान, झांसी ने वर्ष 2011 का रामेश्वरम हिंदी पत्रकारिता पुरस्कार नई दुनिया, लखनऊ के ब्यूरो प्रमुख डा. योगेश मिश्रा को देने का निर्णय लिया है। उन्हें यह पुरस्कार हिंदी पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान और बेहतरीन लेखन के लिए दिया जा रहा है। पुरस्कार स्वरूप डा. मिश्रा को ग्यारह हजार रुपये नगद और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा। यह जानकारी रामेश्वरम संस्थान, झांसी के अध्यक्ष सुधांशु त्रिपाठी ने दी।
श्री त्रिपाठी ने बताया कि डा. योगेश मिश्रा को 17 दिसंबर शनिवार को राजकीय संग्रहालय, झांसी के सभागार में दोपहर ढाई बजे से आयोजित समारोह में उक्त पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। श्री त्रिपाठी ने बताया कि ख्यातिलब्ध पत्रकार और वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय रामेश्वर दयाल त्रिपाठी की पुण्य स्मृति में वर्ष 2004 में इस पुरस्कार की शुरुआत की गई थी। पहले वर्ष दैनिक हरिभूमि, भिलाई के संपादक मो. जाकिर हुसैन को यह पुरस्कार दिया गया। दूसरे वर्ष 2005 में अमर उजाला, पंचकूला के संवाददाता निश्चल भटनागर, 2006 में दैनिक जागरण, नई दिल्ली के विशेष संवाददाता रामनारायण श्रीवास्तव, वर्ष 2007 में दैनिक भास्कर के लखनऊ ब्यूरो प्रमुख सुरेंद्र अग्निहोत्री, वर्ष 2008 में दैनिक जागरण के लखनऊ ब्यूरो के प्रमुख शिवशंकर गोस्वामी, वर्ष 2009 में अमर उजाला के लखनऊ ब्यूरो के संवाददाता अनिल श्रीवास्तव तथा 2010 में तहलका के पत्रकार अतुल चौरसिया को सम्मानित किया जा चुका है।
वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया अध्येता मनोज कुमार को आगामी 13-14 दिसम्बर को उज्जैन में आयोजित एक समारोह में पत्रकार शिरोमणि सम्मान से नवाजा जाएगा। विक्रमशीला हिन्दी विद्यापीठ, गांधीनगर बिहार का सोलहवां अधिवेशन उज्जैन में हो रहा है। इस अवसर पर मनोज कुमार को सम्मानित किया जाएगा। तीन दशक से पत्रकारिता में सक्रिय मनोज कुमार को विगत दस वर्षों से मीडिया एवं सिनेमा की पूर्ण कालिक शोध पत्रिका समागम के कुशल सम्पादन के लिये यह सम्मान दिया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि अनेक किताबों के लेखक मनोज कुमार मीडिया शिक्षक भी हैं। वे माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के साथ ही देशभर में पत्रकारिता विषय अध्यापन के लिये बतौर अतिथि व्याख्याता जाते हैं। मनोज कुमार मध्यप्रदेश शासन के आदिमजाति कल्याण विभाग के उपक्रम वन्या की मासिक पत्रिका समझ झरोखा के मानसेवी सम्पादक एवं वन्या के ही फीचर सेवा वन्या संदर्भ के संयोजक का दायित्व भी सम्हाल चुके हैं।






