Om Thanvi : दबंग शब्द का अर्थ हुआ करता था — बेखौफ, रोबदाब वाला। मगर सकारात्मक अर्थ में ही: 'यह किसी से नहीं डरता-दबता, बड़ा दबंग है'। … अब यह शब्द लुच्चे-लफंगों, गुंडे-बदमाशों, लुटेरों आदि के लिए ज्यादा इस्तेमाल होने लगा है: "हथियारबंद दबंगों ने राहगीर को लूटा!" मैंने सुबह अनेक शब्दकोश देखे: हिंदी शब्दसागर, मानक हिंदी कोश, बृहत् हिंदी कोश, बृहत् प्रामाणिक हिंदी कोश … हर एक में 'दबंग' के लिए सकारात्मक प्रयोग ही हैं।
एक नए कोश (प्रभात बृहत् हिंदी शब्दकोश) में जरूर, नए चलन के अनुसार, नया अर्थ शामिल हो गया है (देखिए चौथा अर्थ): दबंग: 1. निडर होकर दृढ़तापूर्वक कम करने वाला 2. प्रभावशाली 3. रोबीला 4. अन्य लोगों पर आतंक/दबाव रखने वाला।" जब रोज प्रयोग होगा तो शब्दकोश के द्वार तो खुल ही जाएंगे!
ऐसे ही 'बाहुबली' शब्द का कायांतरण हो रहा है। हालांकि शब्दकोशों में उसका अर्थ 'बहादुर, पराक्रमी' ही कायम है। (प्रभात वाले कोश में तो बाहुबली शब्द है ही नहीं!) मुझे लगता है इन अच्छे शब्दों का बुरे अर्थ में प्रयोग हमारे पत्रकार साथियों ने ही चलाया होगा: खुद तो दबंग रहे नहीं, गुंडे-बदमाशों को खुश करने (या उनकी नाराजगी न झेलने) के लिए उन्हें ही दबंग और बाहुबली कहना शुरू कर दिया। और यह ज्यादा पुराना चलन नहीं है!
xxxx
Om Thanvi : "इनफ़" (पर्याप्त) को अक्सर लोग "एनफ़" बोलते हैं। ढेर शब्दों के सही उच्चारण की पड़ताल में हमें आए दिन दुविधा पेश आती है। कोश के उच्चारण-संकेत कभी-कभी जटिल होते है। ऐसे में बोलकर उच्चारण बताने वाली एक साइट काम की साबित होगी। इस ऑनलाइन कोश में आप शब्द विशेष का खुलासा भी पा सकते हैं। अंगरेजी से हिंदी और हिंदी से अंगरेजी ही नहीं, अन्य भाषाओं में भी परस्पर समानार्थी शब्द खोज सकते हैं। http://www.howjsay.com
लेखक ओम थानवी हिंदी दैनिक जनसत्ता के संपादक हैं. उनका यह लिखा उनके फेसबुक वाल से लिया गया है.





