अल्फा समूह का चैनल न्यूज नेशन जिस अंदाज में लांच हुआ उसी अंदाज में अब यहां से जाने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है. नाम बड़े और दर्शन छोटे की तर्ज पर चल रहे चैनल से लोग इस्तीफा देकर जा रहे हैं. खबर है कि चैनल में पॉलिटिकल ब्यूरो हेड के पद पर कार्यरत रहे संजीव सिंह ने इस्तीफा दे दिया है. संजीव सिंह का जाना इस नए चैनल के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. संजीव सिंह की पॉलिटिकल बीट पर मजबूत पकड़ थी. वे अपनी नई पारी कहां से शुरू कर रहे हैं इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है.
संजीव सिंह के अलावा रुचि शुक्ला ने भी न्यूज नेशन से इस्तीफा दे दिया है. रुचि कुछ महीने पहले ही न्यूज नेशन के साथ अपनी पारी शुरू की थी. अब वे टीवी टुडे समूह के चैनल तेज के साथ जुड़ गई हैं. रुचि इसके पहले महुआ समेत कई संस्थानों को अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. माना जा रहा है कि दोनों लोग यहां की स्थितियों से खुश नहीं थे. उल्लेखनीय है कि इसके पहले एबीपी न्यूज से एडिटर कम इंटरटेनमेंट के पद पर आईं चारुल मलिक भी इस्तीफा देकर आजतक चली गई थीं. उसके पहले सुधाकर कुमार भी कुछ दिनों में इस चैनल से इस्तीफा देकर इंडिया टीवी चले गए थे.






