चैनल वन में कार्यरत दीपक चौबे के साथ दिल्ली में लूट की घटना हुई. वे नोएडा से महारानी बाग स्थित अपने कमरे पर जा रहे थे तभी उनसे लूट की घटना हुई. दीपक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. अभी तक इस मामले में पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है.
जानकारी के अनुसार दीपक नोएडा के सेक्टर एक में स्थिति चैनल वन के कार्यालय से शिफ्ट खतम करने के बाद शाम को आठ बजे दिल्ली के महारानी बाग स्थित अपने कमरे पर जाने के लिए निकले. वे नोएडा के गोल चक्कर पहुंचे तो काफी देर तक उन्हें बस नहीं मिली. इसी बीच एक काले रंग की स्टीम कार वहां पहुंची तथा महारानी बाग तथा साउथ दिल्ली जाने के लिए आवाज लगाने लगी. उसमें पांच लोग पहले से ही बैठे हुए थे. दीपक भी महारानी बाग जाने के लिए उस कार में सवार हो गए.
कार जब नोएडा से निकलकर दिल्ली में पहुंची तो कार में सवार चार लोग दीपक तथा एक अन्य युवक के साथ मारपीट करने लगे. इससे दोनों लोग सहम गए. दोनों के आंख पर पट्टी बांध दी गई. सुनसान जगह पर दोनों के पैसे, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिए गए. जब लुटेरों को दीपक के पास प्रेस का कार्ड मिला तो वे उन्हें चलती गाड़ी से सराय काले खां जाने वाले रोड के पास फेंक गए, जबकि दूसरे युवक के एटीएम से पैसा निकलवाने के लिए उसे अपने साथ ले गए. किसी की मदद से उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली. दीपक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. जबकि लुटेरे अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.





