गोरखपुर। वरिष्ठ पत्रकार स्व. रोहित पाण्डेय की दूसरी पुण्यतिथि पर 03 मार्च को प्रेस क्लब गोरखपुर में सामाजिक संगठनों और पत्रकारों ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम में श्रद्धांजलि देने साहित्य जगत से प्रो. विश्वनाथ तिवारी, प्रो. आरडी राय, प्रो. अनंत मिश्र के अलावा कई गणमान्य लोग पहुंचे। स्व. रोहित पाण्डेय की लेखनी को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ईमानदार पत्रकार और साहित्यकार की जिस भूमिका का स्व. पाण्डेय ने निर्वहन किया वह हमेशा अनुकरणीय रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन कौस्तुभ नारायण मिश्रा ने किया। श्रद्धांजिल सभा को प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविन्द कुमार राय, अमर उजाला के पत्रकार राजन राय, अंशुमान त्रिपाठी, सामाजिक कार्यकर्ता वेद प्रकाश पाठक, शैलेष ओझा, रविन्द्रनाथ उपाध्याय और कुंदन उपाध्याय ने प्रमुख रूप से सम्बोधित किया। इस अवसर पर हिन्दुस्तान समाचार पत्र से करीब आधा दर्जन संवाददाता भी कार्यक्रम में शरीक हुए। आयोजक कौस्तुभ नारायण मिश्र और कुन्दन उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रम में शहर के अधिकतम पत्रकारों को आमंत्रित किया गया था। अच्छी बात यह रही कि पत्रकारों के अलावा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने कार्यक्रम में बड़े पैमाने पर भागीदारी निभाई।
गोरखपुर से स्वतंत्र पत्रकार वेद प्रकाश पाठक की रिपोर्ट.





