तमाम चैनल और अखबार ऐसे होते हैं जो अपने स्ट्रिंगर और संवादसूत्रों से खबरें लेते हैं. उनका इस्तेमाल करते हैं लेकिन जब कोई मुसीबत आती है या फिर किसी दुर्घटना में उनकी मौत हो जाती है तो वे यह दिखाना या लिखना भूल जाते हैं कि यह पत्रकार उनके चैनल या अखबार से जुड़ा हुआ था. लेकिन समाचार प्लस यूपी-उत्तराखंड चैनल ने इस मामले में मिसाल कायम करते हुए न केवल अपने स्ट्रिंगर की मौत की खबर दिखाई बल्कि चैनल ने यह भी माना कि वे उनके साथ जुड़े हुए थे.
समाचार प्लस यूपी-उत्तराखंड के लखीमपुर खीरी के संवाददाता रमेश पांडेय पिछले दिनों के एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां वे वेंटिलेटर पर थे. गुरुवार की सुबह उनकी मौत हो गई. जब यह खबर समाचार प्लस चैनल के हेड कार्यालय पहुंची तो वहां सभी ने दुख जताया. इसके बाद चैनल पर भी संवाददाता के निधन की खबर का प्रसारण कर उसे श्रद्धांजलि दी गई.
चैनल के एडिटर इन चीफ उमेश कुमार, मैनेजिंग एडिटर अमिताभ अग्निहोत्री, एक्जीक्यूटिव एडिटर प्रवीण साहनी, एक्जीक्यूटिव एडिटर अतुल अग्रवाल समेत चैनल के समस्त कर्मचारियों ने रमेश पांडेय के आकस्मिक निधन पर शोक जताते हुए दुख व्यक्त किया तथा श्रद्धांजलि अर्पित की.






