: डीएम को सौंपा ज्ञापन : सुलतानपुर में प्रेस छायाकार राजबहादुर की पिटाई मामले में सुल्तानपुर के पत्रकार पहले ही नाराज हैं उस पर डीएम के चले जाने से वे आक्रोशित हो गए और आंदोलन शुरू कर दिया। बैठक कर हरे पत्रकारों के ज्ञापन देने के पहले ही डीएम के उठकर चले जाने से आक्रोशित पत्रकारों ने जिलाधिकारी कार्यालय का मुख्य द्वार बंद कर सड़क जाम कर दिया। घंटे भर बाद डीएम के पहुंचने के बाद आक्रोशित पत्रकारों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। डीएम ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच कराए जाने का आश्वासन दिया है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को पत्रकार छायाकार राजबहादुर यादव की पिटाई के विरोध में नगर के तिकोनिया पार्क में धरने पर बैठ गए। धरने को सम्बोधित करते हुए पत्रकार मनोराम पांडेय ने कहा कि जब तक पुलिस अधीक्षक, सीओ नगर व कोतवाल के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हो जाती तब तक उनका आन्दोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शासन को जल्द से जल्द कदम उठाना चाहिए। अनिल द्विवेदी ने कहा कि उनके आन्दोलन में सत्ता पक्ष के नेता कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। जिस पर उनका भी बहिष्कार किया जाएगा।

पत्रकार अनिल पाठक ने कहा कि जब तक पत्रकारों में एकजुटता नहीं होती तब तक पत्रकारों का उत्पीड़न जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन को जल्द से जल्द कदम उठाना चाहिए। धरने को अवधेश शुक्ला, विजय विद्रोही आदि ने भी सम्बोधित किया। धरना प्रदर्शन के बाद पत्रकारों का समूह जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। जहां पर बिना ज्ञापन लिए ही जिलाधिकारी के. धनलक्ष्मी अपने कार्यालय से उठकर चली गईं थीं। यह बात पता चलने पर पत्रकार आक्रोशित हो गए और जिलाधिकारी के खिलाफ भी मुर्दाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिए।

पत्रकार नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के सामने मुख्य द्वार बंद कर धरने पर बैठ गए। इस बीच एडीएम प्रशासन ने ज्ञापन देने की बात कही तो पत्रकारों ने डीएम को बुलाने की जिद ठान ली। करीब घंटे भर बाद जिलाधिकारी के. धनलक्ष्मी व उप जिलाधिकारी सदर डॉ. एसएन सिंह मौके पर पहुंचे। जिन्हें पत्रकारों ने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि पुलिस अधीक्षक, नगर कोतवाल व सीओ सिटी का तबादला जल्द से जल्द कर दिया जाए। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि अभद्रता मामले में जिन पुलिस कर्मियों पर गाज गिराई गई है वे घटना तके शामिल नहीं थे। मामले की मजिस्ट्रेटी जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। जिस पर डीएम के. धनलक्ष्मी ने कहा कि मामले की मजिस्ट्रेटी जांच जल्द से जल्द शुरू कर दी जाएगी।

इस मौके पर दिनेश पांडेय, आसिफ मिर्जा, अमित सिंह, केके तिवारी, अलीम शेख, सतीश तिवारी, अंकज दूबे, सतीश तिवारी, अनिरुद्ध चौरसिया, सूर्यप्रताप सिंह, सुशील मिश्रा, अजीत श्रीवास्तव, राजबहादुर यादव, नरेन्द्र द्विवेदी, अनिल पाठक, विनोद पाठक, संजय श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव, सतीश मिश्रा, अनूप श्रीवास्तव, लालजी, शरद श्रीवास्तव, मनीष तिवारी, पंकज गुप्ता, भूपेन्द्र सिंह, सुनील शर्मा, विजय पांडेय, इस्मत खान, इम्तियाज रिजवी, फरीद अहमद अर्सी, अफजाल खां समेत सैकड़ों पत्रकार मौजूद रहे।





