बलरामपुर : भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ प्रतापगढ में हुए डीएसपी जिया उल हक हत्याकांड में आरोपी बनाए गए रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के समर्थन में खुल कर आ गये हैं. योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राजा भैया को फंसाने की साजिश की जा रही है और यदि उन्हें गिरफ्तार किया गया तो उसके विरोध में आंदोलन किया जायेगा. एक निजी चैनल के साथ बातचीत करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि घटना की सीबीआई जांच कराकर दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है, क्योंकि क्षेत्रधिकारी के साथ हुई घटना महज एक हादसा था.
उन्होंने अम्बेडकर नगर में हिंदू युवा वाहिनी के अध्यक्ष रामबाबू गुप्ता की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि रामबाबू गुप्ता को न्याय दिलाने के लिए सडक से संसद तक आंदोलन किया जायेगा. यदि जरुरत पड़ी तो अदालत का भी सहारा लिया जायेगा. आदित्यनाथ ने प्रतापगढ और अम्बेडकर नगर की दोनों घटनाओं की न्यायिक जांच कराने की मांग की. उनका कहना था कि किसी भी घटना को साम्प्रदायिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए.





