कई साल से चैनल लाने की चर्चा छेड़े सुभारती वालों ने एक बार फिर से चैनल लांच करने का राग अलापना शुरू कर दिया है. नान न्यूज कटेगरी के इस चैनल को 12 दिसम्बर से लांच करने की बात कही जा रही है. गौरतलब है कि इस चैनल को इस साल जून में लांच करने की योजना थी, परन्तु तमाम लोगों की भर्ती के बाद इसे टाल दिया गया था तथा नियुक्त किए गए लोगों को हटा दिया गया था. अब खबर है कि सुभारती ग्रुप इसे फिर लांच करने की बात कर रहा है.
गौरतलब है कि इस साल मई में सुभारती को चैनल के लिए लाइसेंस मिल गया था. इसके बाद जून में इस चैनल की लांचिंग की तैयारियां भी शुरू हो गई थीं. ग्रुप ने अखबारों में नौकरियों का विज्ञापन भी निकाला था, जिसमें आवेदकों से सौ-सौ रुपये का ड्राफ्ट भी मांगा गया था. तमाम आवेदकों ने सौ रुपये देकर आवेदन किया था, इसमें कुछ लोगों को नियुक्त किया गया, ज्यादातर लोगों को सौ रुपये देने के बाद भी नौकरी नहीं मिली थी. सूत्रों ने तब बताया था कि ग्रुप ने सौ-सौ रुपये करके काफी माल बटोरा था. कुछ नियुक्तियों के बाद चैनल को ऑन एयर करने की तैयारियों के बीच इसे टाल दिया गया तथा नवम्बर में लांचिंग होने की बात कही गई. नियुक्त किए गए लोगों को हटा भी दिया गया था.
अब खबर है कि नवम्बर माह बीत गया है तो दिसम्बर में चैनल लांचिंग का शोर शराबा फिर शुरू हो गया है. 12 दिसम्बर को यह चैनल लांच करने की योजना बनाई गई है. अभी चैनल टेस्ट सिग्नल पर भी नहीं आ पाया है, इस स्थिति में 12 दिसम्बर को इसकी लांचिंग को लेकर लोग एक बार फिर आश्वस्त नहीं हैं. हालांकि दावा किया गया था कि इस चैनल पर एजुकेशन, कृषि एवं आध्यात्म से जुड़ी खबरों को चलाया जाएगा. अब देखना दिलचस्प होगा कि ग्रुप चैनल को लांच करता या एक बार फिर यह कवायद फुसफुसा पटाखा साबित होती है.
इधर, एसटीवी यूपी न्यूज से खबर है कि कई लोगों ने अपनी नई पारी शुरू की है. लांचिंग से पहले ही चैनल को कई झटके लग चुके हैं. सबसे पहले वरिष्ठ पत्रकार संजय द्विवेदी ने इस्तीफा दिया था. इसके बाद अंशुमान त्रिपाठी ने भी चैनल को बॉय कर दिया है. यूपी हेड बनाए गए कुमार सौवीर भी पेड न्यूज के मसले पर इस्तीफा दे चुके हैं. इस बीच प्रबंधन ने चैनल हेड के रूप में विवेक अवस्थी को जोड़ा है. विवेक अवस्थी इंडिया टीवी, आजतक, जी न्यूज, स्टार न्यूज को भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उनके अलावा जिन लोगों ने ज्वाइन किया है उसमें विद्युत प्रकाश मौर्य, राहुल राजपूत, हरिकेश सिंह, सुषमा पाण्डेय, अनुज श्रीवास्तव, मुजमिल अयूब, अंकित माहेश्वरी, चेतना, शिखा सिंह एवं उपासना शामिल हैं.





