बाराबंकी। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन/सांसद डा0 पीएल पुनिया के अथक प्रयास से दरिंदों की हबस का शिकार जनपद कन्नौज की दलित समाज की दो पीड़ित बेटियों को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार, के अम्बेडकर फांउडेशन से दो-दो लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता उपलब्ध हो सकी। सांसद श्री पुनिया ने अपने ओबरी आवास पर भुक्तभोगी बेटियों को दो-दो लाख का बैंक ड्राफ्ट उनके परिजनों के सामने देकर उन्हें हिम्मत बधांयी।
घटना क्रम के अनुसार उत्तर प्रदेश के जनपद कन्नौज की 24 वर्षीय श्रीमती पूजा पत्नी दिनेश निवासी मोहल्ला सरांयदौलत जीटी रोड, पोस्ट-गुरूसहायगंज जनपद कन्नौज के साथ दिनांक 8 फरवरी 2009 को तथा 14 वर्षीय किशोरी कु. पूनम पुत्री छोटेलाल निवासी ग्राम व पोस्ट मतौली कन्नौज के साथ 20 नवम्बर 2011 को वहशी दरिंदों द्वारा हवस का शिकार बनाया गया था, जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस में दर्ज है तथा दोषियों के खिलाफ मामला अदालत में विचाराधीन है।
श्रीमती पूजा व कु. पूनम के साथ घटी दुराचार की घटना को स्वतः संज्ञान में लेते हुये राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन/सांसद डा0 पीएल पुनिया ने भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय को पत्र लिखकर दलित समाज की हवस की शिकार बेटियों को अतिरिक्त सहायता देने की मांग विभागीय मंत्री कु. शैलजा से की थी, जिसपर मंत्रालय ने विशेष ध्यान देकर दिनांक 15 फरवरी 2013 को मंत्रालय के संयुक्त सचिव संजीव कुमार ने पत्र लिखकर चेयरमैन (एन0सी0एस0सी0) को सूचित किया कि मंत्रालय द्वारा दोनों दलित समाज की भुक्तभोगी बेटियों श्रीमती पूनम पत्नी दिनेश व कु. पूजा पुत्री छोटेलाल की दो-दो लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि अम्बेडकर फांउडेशन से रिलीज़ कर दी गयी है और इसकी सूचना उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव सदाकान्त को भी दी गयी है।
उक्त आर्थिक सहायता के संबंध में आयोग के चेयरमैन श्री पुनिया ने बताया कि इसके पूर्व भी दलित समाज की मुजफ्फर नगर की छह बेटियो को तथा बिजनौर जनपद की दो दलित समाज की बेटियों को 37 लाख की अतिरिक्त सहायता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अम्बेडकर फांउडेशन से दिलायी जा चुकी है तथा मैं भविष्य में समाज की अस्मिता की सुरक्षा और वर्चस्व तथा नारी सशक्तिकरण की लड़ाई लड़ता रहॅूगा जिसके लिये हम सदैव द्रढ़ संकल्पित है और हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
बाराबंकी से रिजवान मुस्तफा की रिपोर्ट.





