मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली क्षेत्र के रामलीला टिल्ला स्थित नमकीन फैक्ट्री से पत्रकार और फूड इंस्पेक्टर बनकर रंगदारी मांगने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इनमें दो युवक खुद को चैनल का पत्रकार बताते हुए वीडियो बनाने लगे, जिसके बाद मालिक ने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार रामलीला टिल्ला निवासी राहुल की नमकीन बनाने की फैक्ट्री है। राहुल का आरोप है कि शुक्रवार रात को फैक्ट्री में सचिन पुत्र रामपाल, मोहित कल्याणी पुत्र रामनिवास, अशोक अरोरा और नवनीत पहुंचे। सचिन और मोहित ने खुद को एक चैनल का पत्रकार बताया और फैक्ट्री में हो रहे कामकाज की वीडियो बनानी आरंभ कर दी। दो अन्य युवकों ने खुद को फूड इंस्पेक्टर बताया और नमकीन का सैंपल भी लिया।
राहुल का का कहना है कि युवकों ने वीडियो बनाकर उन्हें डराना शुरू कर दिया और 40 हजार रकम की मांग करने लगे। युवकों ने उसे धमकी दी कि अगर वह पैसे नहीं देगा तो खबर टीवी पर चल जाएगी और फैक्टरी भी बंद हो जायेगी। राहुल ने घटना की सूचना इंस्पेक्टर कोतवाली को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रंगदारी मांगने और मारपीट करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। सचिन पुत्र रामपाल और मोहित कल्याणी पुत्र रामनिवास को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दो अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। हालांकि दोनों अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।





