बाराबंकी से खबर है कि एक खबर का प्रकाशन करने पर जनसंदेश टाइम्स, डीएनए तथा कैनविज टाइम्स के संपादकों के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दायर किया गया है. इसमें पीएल पुनिया को भी पार्टी बनाया गया है. इस मामले में पहली गवाही 1 अप्रैल को होगी. इसके बाद कोर्ट आगे की कार्रवाई तय करेगा. यह परिवाद धारा 501 के तहत दाखिल किया गया है.
जानकारी के अनुसार कांग्रेसी नेता और अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के चेयरमैन पीएल पुनिया ने रेप पीडित दो युवतियों को समाज कल्याण विभाग से दो-दो लाख रुपये का चेक दिलावाया था. यह पैसे उनके प्रयास से दोनों पीडितों को मिले थे, लिहाजा पीएल पुनिया ने चेक देते समय दोनों के साथ फोटो खिंचवाया तथा पत्रकारों को खबर के साथ प्रेषित कर दिया. इस खबर को फोटो के साथ जनसंदेश टाइम्स, डीएनए तथा कैनविज टाइम्स ने प्रकाशित किया.
इसी मामले में बाराबंकी की रहने वाली रानी कनौजिया ने कोर्ट में 501 के तहत परिवाद दायर कर पीडिता का पहचान उजागर करने के लिए तीनों अखबारों के संपादक क्रमश: अनुज पोद्दार, अरविंद चतुर्वेद एवं प्रभात रंजन दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. इन तीन लोगों के अलावा पीएल पुनिया को भी पक्षकार बनाया गया है. अभी कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है. इस परिवाद पर सुनवाई के बाद कोर्ट आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेगा.







