पिसावा के कस्बे के गांव बझेड़ा के लोगों ने उगाही करने के आरोप में एक कथित पत्रकार की धुनाई कर दी। बाद में आरोपी को पुलिस को सौंप दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव मढ़ा हबीबपुर निवासी जगदेव पुत्र गोवर्धन सिंह खुद को एक चैनल का पत्रकार बताकर कस्बे में उगाही कर रहा था। इसके पहले उसने एक डेरी संचालक से वैसे वसूले थे। गुरुवार को वह गांव बझेड़ा के एक डीलर के पास गया और धमका कर उससे एक हजार रुपये वसूल कर लाया।
शुक्रवार को भी वह ऐसा ही करने पहुंच गया। उसने डीलर से 4 हजार रुपये मांगे। डीलर ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इससे ग्रामीण गुस्से में आ गये और उसे घेर लिया। युवक के कोई परिचय पत्र न दिखाने पर लोगों ने उसकी धुनाई शुरू कर दी। बाद में इसकी सूचना एसडीएम और पिसावा थाने में दी गई। एसआई देवदत्त सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये और युवक को पकड़ कर थाने ले आये। पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।





