इंदौर। संघवी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड साइंस कॉलेज राऊ में प्लेसमेंट की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कवरेज करने पहुंचे पत्रिका के फोटो जर्नलिस्ट के साथ कॉलेज संचालक प्रतीक संघवी ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उनका कैमरा छीनकर तोड़ दिया। स्टाफ के साथ मिलकर उन्हें कमरे में बंधक बनाया।
गुरुवार दोपहर कॉलेज में प्रदर्शन चल रहा था। फोटो जर्नलिस्ट रोहित त्रिवेदी कवरेज के लिए पहुंचे। रोहित ने प्रदर्शनकारी छात्रों के फोटो लिए तो कॉलेज प्रबंधन बौखला गया। वाइस प्रेसीडेंट व संचालक प्रतीक संघवी ने उनसे कैमरा छीना और तोड़ दिया। रोहित ने विरोध किया तो प्रतीक ने कहा, तू मुझे जानता नहीं। वह कुछ समझ पाता इतने में ही उस पर प्रतीक व उसके साथी टूट पड़े। काफी देर मारने के बाद वे उसे घसीटते हुए रिसेप्शन के नजदीक बने कमरे में ले गए। वहां बंधक बनाकर डंडों व कुर्सियों से पीटा।
प्रतीक संघवी ने रोहित को धमकी देते हुए कहा कि अब कभी दोबारा कॉलेज में नजर आया तो जान से मार डालूंगा। पुलिसकर्मियों ने उसे छुड़ाया और मेडिकल जांच के लिए महू के मध्यभारत हॉस्पिटल ले गए। रोहित की गंभीर हालत को देखते हुए डॉ. संजय जैन ने इंदौर रेफर कर दिया। किशनगंज टीआई रघुप्रसाद के मुताबिक प्रतीक व स्टाफ के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़, बंधक बनाने व जान से मारने की धाराओं 342, 427, 323, 294, 506, 34 में केस दर्ज किया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाएंगे।
आमिर खान की रिपोर्ट.





