यशवंत जी, छोटे न्यूज चैनलों में ठेका प्रथा का युग आ चुका है… साधना न्यूज़ भी इसी रास्ते पर है…. इसके एक रिपोर्टर ने नए निजाम में ठेका प्रथा लागू होने के बाद अपने सामने पेश आ रही समस्या के बारे में अपने एसाइनमेंट हेड को पत्र लिखा है… नीचे है पूरा पत्र … साधना न्यूज़, यूपी में आजकल हर उस पत्रकार को माइक आईडी दी जा रही है जो अपने खर्चे पर चैनल को एयर कराये, विज्ञापन लाये, अपना भी खर्च निकाले तथा चैनल को भी दे… मयंक गुप्ता के मैनेजिंग एडिटर बनते ही सारे ब्यूरो बाइंडअप कर दिए गये हैं… साधना का डिस्ट्रीब्यूशन बिलुकल ठप है सूबे में.. डिस्ट्रीब्यूशन हेड अरविन्द शर्मा, मार्केटिंग नेशनल हेड दिवाकर शर्मा कम्पनी को नमस्ते कर चुके है.. ऑफिस में भी जबरदस्त असंतोष है.. जिसका भाग्य साथ नहीं दे रहा है बस वही वहां जमा है… उम्मीद करते हैं कि आप पीड़ित पत्रकार का पत्र जरूर छापेंगे.
-आपका एक विश्वस्त सहयोगी
प्लीज चैनल की इज्ज़त को इतनी आसानी से बर्बाद मत होने दीजिये
विषय: -कन्नौज में अधिकृत संवादाता होने के बावजूद एक अन्य व्यक्ति को चैनल माइक आईडी जारी किये जाने की के बारे में….
महोदय, मैं यूपी के कन्नौज जनपद में साधना न्यूज़ का अधिकृत संवादाता हूँ ….लगातार एसाइनमेंट के निर्देशों का पालन करते हुए समय पर अच्छी खबरें देता रहता हूँ …. चैनल को कंपनी के नियमानुसार विज्ञापन भी दिलवाया है ….आज तक चैनल की ओर से मुझे खबरों के किसी बिल का भुगतान नहीं किया गया है …. फिर भी मैंने चैनल के प्रति पूरी निष्ठा को कायम रखा है ….चैनल सहारा, ईटीवी, जीटीवी के मुकाबले खबर देने के मामले में शर्मिंदा नहीं रहा है …. मैंने पूरे जनपद में साधना न्यूज़ के जिला प्रतिनिधि की हैसियत से अपनी कैमरा टीम को तैयार किया है ….मेरे कैमरा प्रतिनिधि जनपद के हर क्षेत्र में मौजूद हैं जो पूरी ईमानदारी से मेरे द्वारा सौपी गयी ज़िम्मेदारी को पूरा करके चैनल को अवाम की आवाज़ के रूप में पहचान बनाने में मददगार साबित हो रहे हैं ….
मेरी छवि निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकार की है….मैंने कई चैनल और प्रिंट मीडिया में विगत लगभग 25 वर्षों से सेवा की है …. मैंने पूरी कोशिश की है की मेरी टीम में कोई कलंक का टीका बनने वाला व्यक्ति शामिल न हो ….मेरी यह कोशिश कामियाब भी है ….अपनी इसी टीम के सहयोग से मैंने 26 जनवरी पर चैनल को विज्ञापन भी दिलवाया है ….ज़ाहिर है यह टीम का सहयोग है …. क्योंकि चेनल न तो केबिल पर दिख रहा है और इन्टरनेट पर भी मुश्किल से कभी नज़र आता है ….इसलिए यह विज्ञापन मेरी छवि और टीम के सदस्यों के प्रयास से हासिल हुआ है ….
पिछले कई दिनों से मेरे ही एक प्रिय मित्र (श्री अजय दुबे, नि. जलालाबाद, कन्नौज) भी कन्नौज जनपद में साधना न्यूज़ की माइक आईडी लेकर फील्ड में मौजूद हैं …. इससे आम-ख़ास लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है ….लोगों में असली और नकली की चर्चा गरम है…. मैं इस पेशे से जुडा हुआ इस क्षेत्र का पुराना व्यक्ति हूँ …. मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित सभी राजनीतिक दलों के नेता समाजसेवी मुझे सम्मान देते हैं….पत्रकारिता के लिए कई बार सम्मानित किया जा चुका हूँ….पत्रकारों के बीच भी मैं सर्व प्रिय हूं…. मेरे तजुर्बे में ज़िन्दगी की यह पहली छछोरी (शब्द के लिए माफ़ी चाहता हूँ) घटना है ….अफ़सोस यह है कि आप जैसे पत्रकारों के साथ रहते हुए भी न मालूम ऐसी घटनाओं को अंजाम तक पहुँचने का मौका कैसे मिल जाता है …. मुझे माफ़ करें मैं आप लोगों की कार्यशैली पर नुक्ताचीनी नहीं कर रहा बल्कि मेरा अनुरोध है ऐसी घटनाओं को अंजाम तक पहुँचने से चैनल में ऊंची कुर्सियों पर बैठे लोग ही रोक सकते हैं ….
मैंने साधना न्यूज़ को कन्नौज में पहचान बनाने के लिए पसीना भी बहाया है और अपनी ईमानदारी की कमाई का पैसा भी खर्च किया है ….कर रहा हूँ…. आजतक मैं ही खबर भेज रहा हूँ ….फिर भी इतना सब करने के बाद भी यदि चैनल के लिए मैं बेकार का व्यक्ति हूँ ….तो मुझे स्पष्ट कर दिया जाय कि 3 मार्च 2013 को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में चैनल के प्रतिनिधि की हैसियत से किसे माइक आईडी का इस्तेमाल करना है …. मेरी अपनी एक सोच है, अपना एक मिज़ाज है, यह बात और मैं साफ़ करना चाहता हूँ कि किसी थोपे हुए व्यक्ति को मैं अपनी टीम में भी नहीं शामिल कर सकता …. चाहे वह मेरा कितना ही नजदीकी क्यों न हो ….मैं यह भी चाहता हूँ की यह भी स्पष्ट कर दिया जाय की साधना न्यूज़ का जनपद कन्नौज का संवादाता मैं हूँ या नहीं …. अगर नहीं तो साधना न्यूज़ पर मेरे जो बिल भुगतान के लिए लंबित हैं, उनका भुगतान देकर ससम्मान मेरी विदाई कर दी जाय ….आशा है मुझे आपका निर्देश और आदेश जल्द ही प्राप्त होगा ….
सादर धन्यवाद,
आपका
शाहिद अली खान
कन्नौज जिला संवादाता
साधना न्यूज़ यू .पी .
09044258436
नोट- कन्नौज में भ्रम की स्थिति आज (8 मार्च ) तक बनी है …. साधना न्यूज़ की माइक आईडी कौन बांट कर भ्रम पैदा कर रहा है…. प्लीज चैनल की इज्ज़त को इतनी आसानी से बर्बाद मत होने दीजिये …. सींचा है इसे खून से हम तिशना लबो ने… तब जाके इस अंदाज़ का मैखाना बना है.. खुदा हाफ़िज़.





