साओ पाउलो। ब्राजील के मिनास गेरैस राज्य स्थित इपातिंगा शहर में दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने एक 38 साल के पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी। समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को रॉड्रिगो नेटो डी फारिया नामक इस पत्रकार की उसके घर में ही घुसकर हत्या कर दी गई। रॉड्रिगो, 'वेनगार्डा रेडियो' पर एक कार्यक्रम का संयोजन करते थे और इपातिंगा से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र, 'वेले डो एको' में ताजा घटनाओं पर एक स्तंभ लिखते थे।
राज्य की राजधानी बेलो हॉरिजोंटे से 220 किलोमीटर दूर इपातिंगा में नेटो डी फारिया ने पुलिस की निंदा की थी, जिसके बाद से उसे धमकी मिल रही थी। पत्रकार नेटो जब रोज की तरह शाम को अपने दोस्त से मिलकर घर लौटे तो दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावारों ने उसे गोली मार दी। नेटो ने शहर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। नेटो शादीशुदा हैं और उनका एक बच्चा भी है। (एजेंसी)





