भोपाल से खबर है कि साधना न्यूज के एक कर्मचारी की वसूली के दौरान जनता ने पिटाई कर दी. जिन सज्जन की पिटाई हुई उनका नाम धर्मेश जागीरदार है और ये एडमिनिस्ट्रेटिव हेड के पद पर कार्यरत हैं. इन्हें साधना न्यूज भोपाल के आफिस का इंचार्ज भी कहा जाता है. ये गोविंदपुरा थाना एरिया में वसूली कर रहे थे. इसी दौरान लोगों ने पिटाई कर दी. ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है.
एक अन्य सूचना के मुताबिक ग्वालियर में सोहन सिंह, जो कि साधना के ब्यूरो चीफ हैं, विज्ञापन बकाया की वसूली कंपनी के नाम पर करने की जगह किसी अन्य कंपनी के नाम पर कर रहे थे. इसकी शिकायत साधना न्यूज मुख्यालय से की गई है. उल्लेखनीय है कि साधना न्यूज अब ठेका प्रथा की तरफ अग्रसर है. मध्य प्रदेश में भी किसी नई पार्टी को साधना न्यूज की फ्रेंचाइजी दी गई है. नई पार्टी जल्द ही कामकाज संभालने वाली है और पूरे प्रदेश में अपने लोगों को नियुक्त करने वाली है. इस कारण पुरानी पार्टी इन दिनों खुद के लिए मैक्सिम रेवेन्यू जनरेशन में लगी हुई है.





