देवरिया : सपा से बाहर निकाले जाने सम्बन्धी एक समाचार चैनल के संवाददाता के सवाल पर जयाप्रदा भड़क गईं और उसे थप्पड़ मारने की बात कह डाली। उन्होंने कैमरे के सामने ही पत्रकारों को थप्पड़ मारने की धमकी दे डाली। जया प्रदा प्रतापगढ़ के कुंडा में शहीद हुए डीएसपी जिया उल हक की बेवा परवीन आजाद से मिलने देवरिया पहुंची। पत्रकारों ने उनसे सूबे की कानून व्यवस्था और सपा से रिश्ते पर सवाल पूछे।
उन्होंने कहा, 'अखिलेश यादव से मेरा कोई मतभेद नहीं है। अखिलेश मेरे भाई के समान है। लेकिन इससे पहले वह सीएम हैं। प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है।' लेकिन सपा के रिश्ते से जुड़े सवाल पर जया प्रदा भड़क उठीं। उन्होंने पत्रकारों को कहा, 'ये कैसा सवाल है। हमें पार्टी से निकाल दिया गया है।' उनका गुस्सा इतना कहने पर भी नहीं थमा। उन्होंने रिपोर्टरों की तरफ मुखातिब होते हुए कहा, 'बुद्धि है कि नहीं तुमको, एक लाफा दूंगी।'
इस दौरान, सांसद जयाप्रदा ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में हाल में भीड़ के हाथों शहीद हुए पुलिस उपाधीक्षक की पत्नी से मुलाकात की और दुख की इस घड़ी में हर मुमकिन मदद का वादा किया। गौरतलब है कि रामपुर से सांसद जया प्रदा और सपा के महासचिव रहे अमर सिंह को 2010 में पार्टी से निकाल दिया गया था। अमर और जया प्रदा के साथ चार विधायकों अशोक चंदेल, संदीप अग्रवाल, मदन चौहान और सर्वेश सिंह को भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। इन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगे थे।





