नई दिल्ली : भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी इटली के दो नौसैनिकों को भारत को सौंपने से इटली द्वारा इनकार किए जाने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने इटालियन राजदूत डेनियल मेनचिनी के भारत छोड़ने पर रोक लगा दी है। उच्चतम न्यायालय ने इटालियन सरकार से भी भारत में मुकदमे के लिए दोनों इटालियन नौसैनिकों को वापस भेजने के वादे से मुकरने के लिए स्पष्टीकरण भी मांगा है।
इटालियन राजदूत और दोनों नौसैनिकों को नोटिस जारी करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि नौसैनिकों की 22 मार्च तक वापसी का लिखित आश्वासन देने वाले राजदूत डेनियल मेनचिनी 18 मार्च तक अपना जवाब दाखिल करें। सुप्रीम कोर्ट इटली के रवैये पर बहुत नाराजगी जताई है। अटॉर्नी जनरल ने इस मुद्दे को शीर्ष अदालत के संज्ञान में लाते हुए बताया था कि सरकार भी इस बारे में बहुत चिंतित है।
गौरतलब है कि इसी सप्ताह की शुरुआत में इटली ने भारत को सूचित किया था कि वह अपनी गारंटी के बावजूद दोनों नौसैनिकों को वापस नहीं भेजेगा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर नौसैनिकों को परिवार के साथ ईस्टर मनाने और राष्ट्रीय चुनाव में वोट डालने के लिए चार सप्ताह के लिए इटली जाने की इजाज़त दी गई थी। इस मामले में पीएम डा. मनमोहन सिंह ने कड़ा लहजा अपनाते हुए इसे बर्दाश्त करने से बाहर की बात बताया था।
दूसरी तरफ इटालियन सरकार ने कहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय कानूनों के मुताबिक विवाद का समाधान करने के लिए तैयार है, क्योंकि उसके नौसैनिक रोम की एक अदालत में सुनवाई का सामना कर रहे हैं। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने इटली के राजदूत को भारत छोड़ने पर रोक लगा दी है। समझा जा रहा है कि इटली के रवैये से विवाद काफी बढ़ सकता है।





