बिहार के कटिहार में इन दिनों पुलिस और पत्रकार गठजोड़ अपना कहर बरपाने में लगा है. कटिहार के कई पत्रकार इस जिले के पुलिस कप्तान के तलवे इसलिए चाटते हैं कि उन्हें पुलिसिया मामले में दलाली करने का मौका मिल जाये. कटिहार के एक पत्रकार माहिर हैं एसपी साहिबा की दलाली में. ये वादी या परिवादी से मिल कर अपनी दलाली चमकाने में भिड़े हैं. ताजा मामला कटिहार शहर का है जहा 26 साल का एक लड़का और 22 की एक लड़की प्रेम प्रसंग में फरार बताये जा रहे हैं.
इसी दलाल पत्रकार ने लड़की को रिकवर कराने का ठेका लड़की के घर वालों से लिया. फिर लड़का के घरवालों पर पुलिस के सहयोग से कहर बरपाने लगा. यह पत्रकार कानून का उल्लंघन करते हुए दिन-रात लड़के के घरवालों को परेशान कर रहा है. अपनी पत्रकारिता का धौंस और पुलिस गठजोड़ की ताकत दिखाते हुए ये पत्रकार खुद लड़के के घर पहुंच गए और घरवालों को बर्बाद कर देने की धमकी भी दे डाली. पुलिस इन महोदय का पूरा सपोर्ट कर रही है. पूरे परिवार के लोग परेशान हैं. ये पत्रकार मौर्या टीवी का है. नाम है सुब्रतो गुहा.
लड़के के घरवालों का गुनाह बस ये है कि उनके बेटे ने प्रेम किया और प्रेमिका के साथ घर छोड़कर फरार है. इसी बात की सजा लड़के के पूरे परिवार को दी जा रही है. कटिहार पुलिस ने लड़के के पिता को नगर थाने में बिठा रखा है. वो शख्स फुट-फुट कर रो रहा है. लड़के की बहन अपने घर में फूट फूट कर रो रही है क्योंकि उसके पिता व अन्य पुरुष थाने में बिठा दिए गए हैं.

पुलिस-पत्रकार उत्पीड़न की तस्वीर : थाने के हवालात में रोता पिता और घर में रोती बहन
दरअसल लड़की के पिता कटिहार के दौलतमंद इंसान हैं. लिहाजा अपने रसूख में पुलिस व पत्रकार को सेट कर, अपनी लड़की के प्रेमी के पिता को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डलवा दिया. यह अरेस्टिंग बिना किसी एफआईआर के की गई है. प्रेमी के घर के सभी पुरुष मेंबर पिछले 24 घंटे से थाने के हवालात में बंद हैं. घर में सिर्फ महिलाये बची हैं. पुलिस वाले घर की महिलाओं को रात भर परेशान करते रहे. धमकाते रहे. जब हम लोग इस खबर को कवर करने पहुंचे तो वहां पुलिस रात की तरह पहुंच गई. बिना महिला पुलिस पहुंची कटिहार नगर थाना पुलिस से जब सर्च वारंट के बारे में पूछा गया तो वे कैमरे से भागने लगे.
कटिहार के एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र व वीडियो पर आधारित.





