नई दिल्ली। महाराष्ट्र के परभणी जिले में गुटखे की अवैध बिक्री के खिलाफ रिपोर्टिंग करने वाले स्थानीय पत्रकार दिनेश चौधरी और उनके परिवार पर तेजाब हमले की जांच के लिए भारतीय प्रेस परिषद ने एक सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति पूरे मामले की जांच करेगी। इस हमले में एक कांग्रेसी कार्यकर्ता का नाम भी सामने आया है। प्रेस परिषद के अध्यक्ष मार्कण्डेय काटजू ने परिषद के सदस्य अनिल अग्रवाल को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें जल्द से जल्द रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।
पीसीआई अध्यक्ष जस्टिस काटजू ने महाराष्ट्र के सीएम पृथ्वीराज चव्हाण और मुख्य सचिव से भी इस मामले में रिपोर्ट सौंपने का आग्रह किया है। दैनिक सोलापुर तरुण भारत के रिपोर्टर दिनेश चौधरी और उनकी पत्नी व बेटी पर मंगलवार रात पांच लोगों ने उनके घर में घुसकर तेजाब फेंक दिया था, जिसमें ये लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। महाराष्ट्र में पत्रकारों पर हमले लगातार जारी हैं।





