बिलासपुर। पत्रिका में काम करने वाले रिपोर्टर संतोष सिंह, विकास चौबे, मधु शर्मा, लक्ष्मी नारायण, शैलेन्द्र पाण्डेय, योगेश के बाद अब इदरीस अंसारी का ट्रांसफर बीजापुर के लिए कर दिया गया है। गौरतलब है कि संपादक के रूप में अनिल कैले के आने के बाद से अब तक कई तबादले हो चुके हैं। नौ पत्रकारों को नौकरी से हाथ भी धोना पड़ा है। माना जा रहा है कि यह सारी कार्रवाई मजीठिया वेज बोर्ड को देखते हुए पत्रिका प्रबंधन के निर्देश में किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार पत्रिका के जिस संस्करण में रिपोर्टरों की सफाई करनी होती है वहां अनिल कैले को भेजा जाता है। जिनके दबाव एवं फटकार सुनने के बाद अच्छे-अच्छे रिपोर्टर थम जाते हैं, जो रिपोर्टर नहीं भागते उन्हे स्थानांतरण कर रवाना कर दिया जाता है। पत्रिका से दो रिपोर्टरों शैलेन्द्र और इदरीस का स्थानांतरण इस बार पत्रिका को भारी पडऩे वाला है। कार्य में दक्ष और कर्मठ पत्रकारों को स्थानांतरण कर अपने रास्ते हटाने की इस योजना के बाद अब बिलासपुर से पत्रिका का ही सुपड़ा साफ होने की स्थित आ गई है। अब यहां कोई कर्मचारी काम करने का इच्छुक नहीं दिख रहा है। सभी नए मौकों की तलाश में जुटे हुए हैं।






