नई दिल्ली। आतंकवाद के खिलाफ जंग पर बड़ी बड़ी बातें करने वाले पाकिस्तान ने एक बार फिर अपना असल रंग दिखाया है। पाकिस्तानी संसद के निचले सदन में भारतीय संसद पर हमले के गुनहगार आतंकी अफजल गुरु की फांसी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया। ये प्रस्ताव जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम के प्रमुख मौलाना फजलुर्रहमान ने पेश किया। भारत ने पाकिस्तान के इस हिमायत पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा है कि पाकिस्तान भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करे।
पाकिस्तानी संसद में पारित प्रस्ताव में अफजल का शव उसके परिजनों को सौंपने की मांग की गई है। जम्मू-कश्मीर के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय बिरादरी को कश्मीर समस्या हल करने में मदद करनी चाहिए। प्रस्ताव के मुताबिक कश्मीर मुद्दा हल करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव लागू होने चाहिए। प्रस्ताव में कश्मीर घाटी के सभी शहरों से सेना हटाने की भी बात कही गई है। साथ ही प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी कैदियों को रिहा करने की भी मांग की गई।
विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा है कि पाकिस्तान को कोई हक नहीं है कि वो भारतीय कानून के तहत किसी दोषी को फांसी दिए जाने का विरोध कर इस तरह का प्रस्ताव पास करे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान संसद का प्रस्ताव भारत के घरेलू मामलों में बेवजह दिलचस्पी है। अच्छा होगा पाकिस्तान अपने घर के मामलों तक ही अपने को सीमित रखे। खुर्शीद ने कहा कि ये मामला भारतीय कानून के तहत है। पाकिस्तान को अपनी संसद में अपने देश के मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए और हमें हमारे मामले संभालने देना चाहिए। वहीं केंद्र में मंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान को भारत के अंदरूनी मामले में बोलने का कोई हक नहीं।
बीजेपी ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है। पाकिस्तान के तेवर पर सख्त आपत्ति जताते हुए बीजेपी ने सरकार से मांग की है कि इस मामले में पाकिस्तान के राजदूत को बुलाकर फटकार लगाई जाए। बीजेपी नेता राजीव प्रताप रूड़ी ने कहा कि पाकिस्तान को कोई अधिकार नहीं है कि वो भारत के फैसले और कानूनी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। हमें अपने कानून और संविधान पर पूरा विश्वास है। बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पाकिस्तान के राजदूत को बुलाकार तीखा विरोध दर्ज कराया जाना चाहिए। भारत सरकार को पकिस्तान को सख्त संदेश देना चाहिए। पाकिस्तान को ऐसा रेसोल्यूशन पास करने का कोई अधिकार नहीं है।
दूसरी तरफ, पाकिस्तान अपनी गलती मानने की बजाय उल्टा भारत को ही नसीहत देने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान की विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार का कहना है कि भारत को अपने पड़ोसी मुल्क पर भरोसा रखना चाहिए। भारत के राजनीतिक गलियारों में भी इसे लेकर माहौल गर्म है। रक्षा मामलों के जानकारों का कहना है कि कश्मीर का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दम तोड़ रहा है। इसीलिए पाकिस्तान ने इस मुद्दे को फिर से हवा देने के लिए एक कदम उठाया है।





