काठमांडू : नेपाल के चीफ जस्टिस खिल राज रेगमी ने गुरुवार को नेपाल के नए प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली। वह अंतरिम सरकार के मुखिया होंगे, जिसे नेपाल में 21 जून को चुनाव कराने की जिम्मेदारी निभानी है। उनके शपथ लेने के साथ नेपाल में लंबे अर्से से चल रहा राजनीतिक और संवैधानिक संकट खत्म हो गया है। 63 साल के रेगमी का चयन नेपाल की तीन पार्टियों के अलावा युनाइटेड डेमोक्रेटिक मधेसी फ्रंट (यूडीएमएफ) ने मिलकर किया है।
राष्ट्रपति रामबरन यादव ने रेगमी को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद रेगमी ने दो मंत्रियों माधव घिमिरे और हरि प्रसाद नौपाने को शपथ दिलाई। इससे पहले कल चारों पार्टियों में चार अहम मुद्दों पर सहमति बनी। जिसके तहत एक आयोग बना है जो माओवादियों और अन्य लोगों पर दर्ज मामलों की जांच करेगा, नेपाली सेना में एक कर्नल और दो लेफ्टिनेंट कर्नल की पोस्ट माओवादी लड़ाकों को मिलेगी, वोटर लिस्ट चुनाव से पहले अपडेट होगी, नागरिकता प्रमाणपत्र के वितरण से जुड़े मुद्दों को सुलझाया जाएगा। (पीटीआई)





