: सेबी ने सुप्रीम कोर्ट से किया अनुरोध : सहारा परिवार के प्रमुख सुब्रत राय पर निवेशकों के पैसे हड़पने को लेकर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है. भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड यानी सेबी ने सहारा प्रमुख सुब्रत राय की गिरफ्तारी के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है जिस पर सुनवाई इसी माह होने की संभावना है. सेबी सहारा समूह के दो निदेशकों समेत सुब्रत राय के पासपोर्ट को भी जब्त करना चाहता है.
सेबी ने सहारा प्रमुख को उनकी दो कंपनियों के शेयरधारकों के 24 हजार करोड़ रुपये लौटाने के लिए कहा था. सेबी ने पिछले महीने सहारा समूह की दो कंपनियों और सुब्रत राय सहित कुछ शीर्ष अधिकारियों के बैंक खाते सील करने और उनकी कुल संपत्ति जब्त करने के लिए कहा था. उसने ऐसा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मद्देनजर दिया था. सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि यदि सहारा समूह की कंपनियां निवेशकों का पैसा लौटाने के लिए धनराशि जमा नहीं करती हैं तो नियामक संस्था सेबी उनकी संपत्तियों को जब्त कर सकती है और उनके खातों के लेनदेन पर भी रोक लगा सकती है.

सेबी ने सहारा समूह की दो कंपनियों सहारा हाउसिंग इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड और सहारा इंडिया रियल स्टेट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के खिलाफ दो अलग-अलग आदेश पारित किया था. आदेश में सेबी ने कहा था कि दोनों कंपनियों ने निवेशकों से क्रमशः 6,380 करोड़ रुपये और 19,400 करोड़ रुपये उठाने के लिए अनेक अनियमितताएं बरती हैं.
इसे भी पढ़ें





