गोंडा। केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनीप्रसाद वर्मा ने शनिवार को मुलायम सिंह यादव पर तल्ख वार किए। उन्होंने मुलायम सिंह यादव पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव का जीवन आपराधिक रहा है और आतंकवादियों से भी उनका रिश्ता है। वे जेल जाने को तैयार रहें। उन्होंने सपा सरकार को भी असफल बताया। बेनी प्रसाद वर्मा ने यह बातें गोंडा की तेंदुआ ग्रामपंचायत स्थित कुतुबगंज बाजार में आइटीआई भवन का शिलान्यास करने के बाद कहीं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी नहीं सिर्फ मुलायम सिंह यादव खराब हैं। उनका आपराधिक जीवन रहा है और आतंकवादियों से भी उनका रिश्ता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बहुत जल्द मुलायम तिहाड़ जेल जाने के लिए तैयार रहें। जिले के पिछड़ेपन के लिए भी उन्होंने मुलायम सरकार को दोषी बताया। वे जनसभा को संबोधित करने के दौरान मुलायम सिंह के बारे में बोलना शुरू कर दिया। एक से एक तीखे शब्द इस्तेमाल करते हुए बेनी ने मुलायम पर जमकर भड़ास निकाली।
बेनी ने कहा कि कमीशन खाओ और अपने परिवार को भी खिलाओ, मगर बेनी प्रसाद वर्मा ऐसा नहीं करेगा। बेनी ने कहा कि मुलायम ने हमेशा अपने विरोधियों को अपने दुश्मनों की तरह लिया है। अपने भाषण में बेनी ने मुलायम के साथ साथ उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को भी जमकर कोसा। उन्होंने मायावती को लुटेरी बताया और कहा कि मुलायम लुटेरे के साथ साथ गुंडे भी हैं। बेनी बाबू जब मंच से उतरे, और जब उनसे उनके भाषण के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मंच की बात को दोहराने से मना कर दिया।
बेनी बाबू के बयान पर समाजवादी पार्टी के नेता राम आसरे कुशवाहा ने कहा कि बेनी प्रसाद पागल हो गए हैं। बेनी बाबू कम बोलते हैं लेकिन जब वो बोलते हैं तो कुछ ना कुछ बखेड़ा खड़ा हो जाता है। एसपी ने मांग की है कि इस तरह के बयान देने वाले बेनी प्रसाद वर्मा को तुरंत उनके मंत्री पद से हटाया जाना चाहिए और उनका इलाज कराया जाना चाहिए। माना जा रहा है बेनी प्रसाद के बयान के बाद दोनों दलों के बीच दूरियां बढ़ सकती हैं।





