मुंबई : नवी मुंबई में कथावाचक आसाराम के समर्थकों ने पत्रकारों पर पथराव किया है. भक्तों के साथ आसाराम का होली कार्यक्रम था. मीडियाकर्मी कार्यक्रम की तस्वीरें ले रहे थे जिसकी इजाज़त खुद आयोजकों ने दी थी. इस दौरान आसाराम के समर्थकों ने पत्रकारों पर पथराव किया. दरअसल मीडियाकर्मी बसों पर चढ़कर कार्यक्रम की तस्वीरें ले रहे थे लेकिन अचानक पंडाल के भीतर से पत्थर चलने लगे और फिर मारपीट भी की गई. इस घटना के बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है.
याद रहे कि आसाराम बापू को अपने भक्तों पर रंग भरे पानी की बरसात का बहुत शौक है और होली पर वो हर साल कई जगह ऐसा करते हैं, लेकिन महाराष्ट्र के नागपुर और नवी मुंबई में उन्होंने ऐसा करके बवाल मोल ले लिया है. ऐसा इसलिए, क्योंकि राज्य सूखे की चपेट में है और लोगों को उनकी जरूरत का पानी मिलना मुश्किल हो रहा है. कल तो नागपुर में आसाराम ने होली खेल ली लेकिन आज नवी मुंबई में उन्हें पानी नहीं दिया गया. नागपुर में आसाराम बापू ने पचास हजार लीटर पानी बरबाद किया.
नागपुर के कस्तूरचंद पार्क में आसाराम ने अपने अनुयायियों के साथ होली खेलते हुए उन पर एक बड़ी पिचकारी से करीब 50,000 लीटर पानी उड़ेल डाला. 10-10 हजार लीटर वाले पांच टैंकर मौजूद थे और इसे भेजा था नागपुर नगर निगम ने यानी सूखे से निपटने में नाकाम सरकार उल्टा इस तरह पानी बरबाद करवा रही है. हालांकि, अब नगर निगम का कहना है कि वो आयोजकों को पानी के गलत इस्तेमाल के लिए नोटिस देंगे. इस मुद्दे पर विधानसभा में भी हंगामा हुआ और एमएनएस समेत कई दलों ने सरकार और आसाराम की मंशा पर सवाल उठाए. अगर नागपुर को लेकर बवाल ना होता तो शायद नवी मुंबई में भी आसाराम पानी बहाने में कामयाब हो जाते. (एबीपी)





